Barabanki News: बाराबंकी जिले के नगर पंचायत जैदपुर में पावर हाउस के पास स्थित बाबा आनंदेश्वर धाम मंदिर में गेट निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है. एक पक्ष द्वारा गेट लगाने पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा गया था.
ADVERTISEMENT
इसी क्रम में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे मंदिर के सेवादार अर्जुन कश्यप, बीजेपी नेता राजन बक्सोर और चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अलीम सहित दर्जनों हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग जैदपुर थाने पहुंचे. सभी ने मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की. इसके बाद आनंदेश्वर धाम मंदिर परिसर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.
वहीं पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रियाज अहमद ने कहा कि जैदपुर कस्बा हमेशा से हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अराजक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. रियाज अहमद ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कस्बे में दो दर्जन से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया और हर धार्मिक पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालकर क्षेत्र की आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखा जाए.
ADVERTISEMENT









