इटावा में आसमान से गिरा जलता हुआ ड्रोन, इलाके में मची अफरा-तफरी तो अखिलेश यादव ने कह दी ये बात

Saifai Drone Crash: सैफई के नंदपुर गांव के खेत में जलता हुआ ड्रोन गिरने से मची दहशत. अखिलेश यादव ने घटना पर जताई चिंता, पूछा- 'बस्ती पर गिरता तो क्या होता?' सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना और पीड़ित किसान के लिए मुआवजे की मांग की.

Saifai Drone Crash

यूपी तक

04 Apr 2026 (अपडेटेड: 04 Apr 2026, 07:42 PM)

follow google news

Saifai Drone Crash: यूपी के इटावा जिले में शुक्रवार की शाम एक बड़ा ड्रोन अचानक गेहूं के खेत में आ गिरा. ड्रोन के गिरते ही उसमें आग लग गई जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. लोगों को लगा कि कहीं यह कोई मिसाइल या विदेशी हमला तो नहीं है. इस घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है.

यह भी पढ़ें...

ड्रोन को मिसाइल समझ बैठे ग्रामीण

शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे सैफई के नंदपुर गांव के आसमान में एक उड़ती हुई चीज दिखी जो देखते ही देखते गेहूं के खेत में गिर गई. ड्रोन गिरते ही धू-धू कर जलने लगा जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में तमाशबीन इकट्ठा हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह ड्रोन एक निजी कंपनी का था जो मौसम संबंधी जानकारी जुटाने के लिए ट्रायल पर था. लेकिन तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया.

अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर ये कहा

इस घटना का वीडियो वायरल होते ही अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर सरकार को घेरा. अखिलेश ने पूछा कि अगर यह ड्रोन खेत के बजाय किसी रिहाइशी बस्ती या घर पर गिरता तो जान-माल के नुकसान का जिम्मेदार कौन होता? उन्होंने मांग की कि ऐसे परीक्षण केवल खाली इलाकों में ही किए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकारी टेस्ट या एक्सपेरिमेंट किया जा रहा है तो नागरिकों को पहले से आगाह क्यों नहीं किया गया?

मुआवजे की मांग

इस दौरान अखिलेश यादव ने सरकार से जांच बैठाने और पीड़ित किसान की फसल के नुकसान के साथ-साथ उसे हुए मानसिक आघात के लिए उचित मुआवजे की मांग की है. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार से एक ड्रोन ठीक से नहीं उड़ पा रहा तो वे सैफई की हवाई पट्टी से जहाज क्या उड़ाएंगे.

प्रशासन का क्या है कहना?

एसडीएम सैफई, सिद्धार्थ कुमार ने साफ किया कि एक निजी कंपनी को ड्रोन ट्रायल की अनुमति दी गई थी और यह उन्हीं का ड्रोन है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है.  किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं.