गाजियाबाद में हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट पर जानलेवा हमला, 4 गोलियां लगने के बाद खुद कार चलाकर 35 KM दूर अस्पताल पहुंचा बदमाश

Ghaziabad Rahul Jat Shootout: मोदीनगर में हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट पर ढाबे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग. सीसीटीवी में कैद हुई हमले की वारदात. गर्दन और सीने में 4 गोलियां लगने के बाद भी खुद कार चलाकर 35 किलोमीटर दूर यशोदा अस्पताल पहुंचा घायल बदमाश. पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका, पुलिस जांच में जुटी.

Ghaziabad Rahul Jat Shootout

मयंक गौड़

03 Apr 2026 (अपडेटेड: 03 Apr 2026, 03:12 PM)

follow google news

Ghaziabad Rahul Jat Shootout: गाजियाबाद के मोदीनगर में गुरुवार देर रात NH-58 पर एक ढाबे के बाहर हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट उर्फ कालू पर जानलेवा हमला किया गया. यह घटना उस वक्त हुई जब राहुल जाट अपनी गाड़ी में बैठ रहा था.तभी एक अज्ञात हमलावर ने बड़े आराम से आकर राहुल जाट के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दौरान उसके साथी भी गाड़ी के बाहर खड़े थे. हालांकि हमलावर ने उन्हें कुछ नहीं किया. इस दौरान का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो रहा है. 

यह भी पढ़ें...

पैदल चलकर आए शूटर ने दागीं गोलियां

सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि राहुल जाट अपने दो साथियों के साथ ढाबे के बाहर खड़ा है. जैसे ही वह अपनी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठता है. एक पैदल आता हुआ हमलावर सीधे खिड़की के पास पहुंचता है और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है. हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया.जबकि लहूलुहान हालत में राहुल खुद ही कार लेकर वहां से निकलता दिखाई दे रहा है.

गर्दन,सीने और पेट में लगी गोली

इस हमले में राहुल जाट को गर्दन, सीने,पेट और पैर में कुल चार गोलियां लगी हैं. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राहुल ने गजब की हिम्मत दिखाई और अपनी जान बचाने के लिए खुद ही स्टीयरिंग संभाली. वह मोदीनगर से करीब 35 किलोमीटर दूर संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल खुद कार चलाकर पहुंचा जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस ने दिया ये अपडेट

इस मामले पर बात करते हुए ACP भाष्कर वर्मा ने बताया कि 'राहुल चौधरी उर्फ राहुल जाट मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है. वर्तमान में राजनगर में रहता है. वह अपने कुछ साथियों से मिलने सीकरी आया हुआ था. पुलिस के अनुसार, राहुल के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. शुरुआती जांच में यह हमला पुरानी रंजिश या गैंगवार का नतीजा लग रहा है.पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. हमलावर की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है.फिलहाल गाजियाबाद पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के जरिए शूटर का सुराग लगा रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.