गोरखपुर में विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी का सख्त संदेश, बरसात से पहले पूरा करें काम

UP News: गोरखनाथ मंदिर में समीक्षा बैठक के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बरसात से पहले अधूरे विकास कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही नालों की सफाई, पटरी व्यापारियों के पुनर्वास और मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए.

यूपी तक

• 11:35 AM • 02 Apr 2026

follow google news

UP News: गोरखपुर में विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त संदेश दिया है. साफ शब्दों में कहा गया है कि निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बरसात का मौसम नजदीक आने से पहले अधूरे पड़े विकास कार्यों को हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए चेताया कि किसी भी परियोजना में लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए कि अपने अगले गोरखपुर दौरे में शहर को बड़ी सौगात मिल सकती है, जिसमें घंटाघर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण शामिल हो सकता है.

यह भी पढ़ें...

गोरखनाथ मंदिर में हुई विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने जिले और महानगर में निर्माणाधीन सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तार से जानकारी ली. समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विकास परियोजना की एक समय सीमा तय होती है और उसे उसी अवधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी समझाया कि बरसात का मौसम शुरू होने पर खुले में होने वाले निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए जितनी भी विकास परियोजनाएं चल रही हैं, उनसे संबंधित अधिकाधिक निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएं. उन्होंने विशेष रूप से दो तिहाई से अधिक भौतिक प्रगति वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए.

जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई पर जोर

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी बारिश का मौसम शुरू होने में समय है, लेकिन समय रहते यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि बरसात के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो. उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में काफी अच्छा कार्य हुआ है और अब इसे लगातार उत्कृष्टता की ओर ले जाने की आवश्यकता है.

मुख्यमंत्री ने समय रहते सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए गोड़धोइया नाला परियोजना पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए और इसे जल्द से जल्द पूर्ण कराने का प्रयास किया जाए.

मल्टीलेवल पार्किंग और नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान विरासत गलियारा परियोजना की प्रगति की जानकारी ली. इसके साथ ही उन्होंने घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की.

उन्होंने पांडेय हाता क्षेत्र में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की कार्ययोजना के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर लोकार्पण और शिलान्यास की पूरी तैयारी पहले से सुनिश्चित रखें. समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह संकेत भी दिए कि अपने अगले दौरे में वह घंटाघर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेय हाता में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास कर सकते हैं.

पटरी व्यापारियों के पुनर्वास पर दिया विशेष जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान पटरी व्यापारियों के व्यवस्थित पुनर्वास को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पटरी व्यापारियों को वेंडिंग जोन में सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराया जाए और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं, ताकि उनका व्यवसाय व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास की प्रक्रिया को संवेदनशीलता और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए, जिससे व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और शहर का विकास भी संतुलित तरीके से आगे बढ़ सके.

यह भी पढ़ें: क्या लोध राजपूत विधानसभा चुनाव में बिगाड़ देंगे भाजपा का खेल, नाराजगी की क्या वजह निकलकर सामने आई?