UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में जैसे ही गर्मी ने दस्तक दी है, मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों में मौसम के अचानक बदलाव को लेकर चेतावनी जारी की है. दो दिनों तक धूप खिली रहेगी और तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी लेकिन 3 अप्रैल से मौसम में बड़े उलटफेर की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों ने पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है जिससे लोगों को फिलहाल बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
3 अप्रैल से मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, ईरान के पास सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 3 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है. इस मौसमी बदलाव की वजह से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जो गर्मी से राहत प्रदान करेगी.
किन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के सैटेलाइट डेटा और ताजगी के अनुमान के अनुसार, बारिश और आंधी का सबसे अधिक प्रभाव निम्नलिखित जिलों में देखने को मिल सकता है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: आगरा, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और हापुड़.
मध्य और तराई क्षेत्र: लखनऊ, कानपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर.
ब्रज और आसपास: अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज.
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने लॉन्ग टर्म अपडेट में बताया है कि अप्रैल के महीने में पूर्वांचल को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. इसका असर यह होगा कि दिन का तापमान सामान्य से थोड़ी राहत भरी स्थिति में रहेगा. वहीं, पूर्वांचल में गर्मी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.
गर्मी के पूरे सीजन (अप्रैल से जून) के लिए अनुमानित रिपोर्ट के अनुसार, बुंदेलखंड और दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में इस साल भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई वाले क्षेत्रों में लू चलने वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है. साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे गर्मी की तीव्रता बढ़ सकती है.
ADVERTISEMENT









