Bareilly Crime News: बरेली में नाबालिग का अपहरण, सहेली पर शक, घर से नकदी-ज्वेलरी भी गायब, 9 आरोपी नामजद

Bareilly crime news today: नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर कथित रूप से अपहरण कर लिया गया. घटना में घर से 27,500 रुपए नकद और सोने के जेवर भी गायब हुए.

Newzo

• 04:26 PM • 03 Apr 2026

follow google news

नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर कथित रूप से अगवा कर लिया गया. मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ गई है कि पीड़ित परिवार ने अपने ही पड़ोसियों और रिश्तेदारों पर अपहरण की साजिश रचने का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

घर में अकेली नाबालिग को सहेली ले गई, फिर हुआ अपहरण

पीड़ित पिता के अनुसार, घटना 22 मार्च की है. उस दिन परिवार के अन्य सदस्य एक बीमार रिश्तेदार को देखने गए हुए थे और नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान उसकी एक सहेली उसे बहाने से अपने साथ ले गई और बाद में उसे अरबाज नामक युवक के घर पहुंचा दिया. आरोप है कि वहां से दोनों ने मिलकर किशोरी को अगवा कर लिया. परिवार के घर लौटने पर बेटी के गायब होने की जानकारी हुई. जब घर की जांच की गई तो पता चला कि केवल किशोरी ही नहीं, बल्कि घर से नकदी और जेवर भी गायब हैं. 

घर से 27,500 रुपए नकद और सोने के जेवर गायब

पीड़ित परिवार के अनुसार 27,500 रुपए नकद, पौन तोला सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी घर से गायब मिलीं. पीड़ित पक्ष ने पड़ोसन हसीना को मुख्य साजिशकर्ता बताया है, जो आरोपी अरबाज की नानी बताई जा रही है. इसके अलावा हसीना के बेटे कासिम और नाजिम सहित कुल नौ लोगों को नामजद किया गया है. परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटी की तलाश में आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी.

किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित, दबिश जारी

पीड़ित पिता ने अपनी बेटी की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई, सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है.