Moradabad road accident: कुंदरकी थाना के सामने एक तेज रफ्तार बोलेरो में बाइक को रौंद दिया, हादसे में बाइक सवार बोलेरो के नीचे बुरी तरह फंसा. तत्काल ही पुलिस ने युवक को गाड़ी के नीचे से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. नाजुक हालत के चलते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, हिमांशु पुत्र राजबहादुर निवासी रायब नगला, कुंदरकी स्थित हकीम जाहीर दवा खाने पर नौकरी करते हैं. शनिवार दोपहर के बाद किसी के बुलाने पर वह दवा खाने से कुंदरकी थाने को जा रहे थे. जैसे ही थाने के निकट पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बोलोरो गाड़ी ने बाइक को रौंद दिया. इस दौरान वह गाड़ी के नीचे फंस गए.
प्रत्यक्ष दर्शियों के द्वारा शोर मचाते हुए गाड़ी रूकवाई गई, इसी दौरान पुलिस भी मौके पर आ गई. पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया और गाड़ी के नीचे फंसे हिमांशु को राहगीरों की मदद से बाहर निकला. हादसे में हिमांशु घायल हो गया और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
तत्काल ही पुलिस ने थाने के वाहन से ही घायल हिमांशु को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंदरकी पहुंचाया. वहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया. पुलिस बाइक और बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने ले गई है. वहीं हादसे की सूचना मिलने पर हिमांशु के परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए.
ADVERTISEMENT









