5 करोड़ की रंगदारी की डिमांड करने वाले 50 हजार के इनामी बदमाश मोंटी का मुरादाबाद में एनकाउंटर, पुलिस ने ऐसे किया अंत

Moradabad News: मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार के इनामी बदमाश आशू उर्फ मोंटी एनकाउंटर में ढेर हो गया. आरोपी पर एक्सपोर्टर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और फायरिंग करने का आरोप था, उसके खिलाफ 36 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे.

जगत गौतम

• 10:24 AM • 02 Apr 2026

follow google news

Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में रात को अचानक गोलियां चलने लगी. इससे इलाके में सनसनी फैल गई, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 50 हजार के इनामी बदमाश आशू ऊर्फ मोंटी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया.  जानकारी के अनुसार, मोंटी पर एक्सपोर्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग जैसे आरोप लगे थे, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी. कल देर रात मिली एक सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया और जैसे ही बदमाश घिरा, उसने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. जवाबी कारवाई में चली गोलियों में मोंटी ढेर हो गया.

यह भी पढ़ें...

एक्सपोर्टर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का था मामला

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित वजीरचंद एक्सपोर्ट फर्म के मालिक और इंपोर्टर अरशू ढल को 12 मार्च की रात करीब 8:08 बजे एक अंजान नंबर से मिस कॉल आई थी. कुछ ही देर बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी. कॉल   काटने के बाद उसने मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की. 

निर्यातक के मुताबिक, 14 मार्च को दोपहर 2:31 बजे आरोपी ने फिर से मैसेज भेजा और खुद को आशू उधम बताते हुए रकम का इंतजाम करने की धमकी दी. इसके अगले ही दिन बाइक सवार बदमाशों ने फर्म के गेट पर पहुंचकर फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. इस घटना के बाद गार्ड उमेश की ओर से सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.

पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर किया ऑपरेशन

बता दें कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइंस पुलिस और मेरठ एसटीएफ की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. एसएसपी सतपाल अंतिल के मुताबिक, आशू उर्फ मोंटी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 36 मुकदमे दर्ज थे. बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रंगदारी की रकम लेने मुरादाबाद पहुंचा है. सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सिविल लाइंस क्षेत्र के इस्लाम नगर रोड स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास उसकी घेराबंदी कर दी.

घेराबंदी के दौरान शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस के अनुसार, खुद को चारों ओर से घिरता देख आशू उर्फ मोंटी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें उसे दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़ा. गंभीर हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बतया कि आरोपी के पास से पिस्टल, रिवाल्वर और बंदूक के साथ भारी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं. घटना स्थल पर उसने करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की थी.

मृतक की पहचान हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी आशू उर्फ मोंटी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और इलाके में उसका नाम दहशत का पर्याय बन चुका था. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और फायरिंग जैसे गंभीर अपराधों के कुल 36 मुकदमे दर्ज थे.

पुलिस ने बतायाइसे बड़ी सफलता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता माना जा रहा है. उनका कहना है कि इस कार्रवाई से रंगदारी जैसे संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. साथ ही इस घटना के बाद व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा.

यह भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में मौसम लेने वाला है करवट, 3 अप्रैल से इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी