Moradabad Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दो पक्ष बीच सड़क पर एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए. लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया है. पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए 14 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मुरादाबाद जनपद के मझोला थाना इलाके में विवाद की जड़ एक महिला पर की गई अभद्र टिप्पणी बताई जा रही है. लोगों का आरोप है कि आरोपी पक्ष द्वारा महिला पर गलत कमेंट करने के बाद दोनों गुटों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक मारपीट में बदल गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से प्रहार कर रहे हैं. इस दौरान कुछ महिलाओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित भीड़ रुकने का नाम नहीं ले रही थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मझोला इलाके में हुए हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया. मझोला पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है. कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया है. इसमें कुल 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें: सरकारी बैंक में नौकरी का मौका! बैंक ऑफ बड़ौदा ने कई पदों पर निकाली भर्ती, फटाफट करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









