मुरादाबाद में SIT की बड़ी कामयाबी, 5 राज्यों में फैला GST चोरी का नेटवर्क ध्वस्त; मास्टरमाइंड 'भूरा प्रधान' गिरफ्तार

मुरादाबाद में जीएसटी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है. दो मोबाइल नंबरों से 124 फर्जी फर्में संचालित की जा रही थीं. पुलिस ने मुख्य आरोपी ‘भूरा प्रधान’ समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

Newzo

• 06:52 PM • 25 Mar 2026

follow google news

मुरादाबाद: जीएसटी विभाग की टीम ने हाल ही में स्क्रैप से भरी गाड़ियों की जांच के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है. जांच में सामने आया कि एके इंटरप्राइजेज फर्म के कागजों में लगे दो मोबाइल फोन पर कुल 124 फर्में रजिस्टर्ड थीं. इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए एसएसपी मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने विशेष एसआईटी टीम का गठन किया था.

यह भी पढ़ें...

एसआईटी टीम ने पहले भी इस मामले में कई गिरफ्तारियां की थीं. अब टीम को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है और पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी भगवान सिंह उर्फ 'भूरा प्रधान', जो जनपद मथुरा के निवासी हैं. रविंद्र, जो जनपद हरदोई के रहने वाले हैं और भगवान सिंह के ऑफिस में काम करते थे.

भगवान सिंह के खिलाफ कई मुकदमे हैं दर्ज, उसने अब तक 33 फर्जी फर्में बनाई

पुलिस के अनुसार, रविंद्र भगवान सिंह को फर्जी ई-वे बिल और बिल्टी भेजता था. भगवान सिंह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार तक फैला हुआ है. वह स्क्रैप से भरी गाड़ियों को यूपी से फर्जी कागजात के जरिए पास कराता था. भगवान सिंह उर्फ भूरा प्रधान के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं. उसने अब तक 33 फर्जी फर्में बनाई हैं और सरकार को करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी कराई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद किए हैं.

गाड़ियां निकलवाने 2024 में पूरे उत्तर प्रदेश में ठेका लिया

एसपी क्राइम सुभाष गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला थाना सिविल लाइन में अपराज संख्या 690/25 जीएसटी/एसटीओ के तहत दर्ज किया गया था. इसकी जांच एसआईटी द्वारा की जा रही थी. एसपी क्राइम ने बताया कि भगवान सिंह कोसीकलां, मथुरा का रहने वाला है और यह पूरा नेटवर्क संचालित करता है. उसने 33 फर्जी फर्मों के माध्यम से कंप्यूटरीकृत बिल और ई-वे बिल तैयार कर माल का परिवहन किया और जीएसटी का लाभ उठाया. 2024 में उसने पूरे उत्तर प्रदेश में यह ठेका लिया कि जो भी गाड़ियां इधर से गुजरें, यदि कहीं रोकी जाएं, तो उन्हें आगे निकलवाने का काम किया जाएगा.

नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, पंजाब और राजस्थान तक फैला

भगवान सिंह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, पंजाब और राजस्थान तक फैला हुआ है. उसके खिलाफ अब तक तीन अभियोग दर्ज हैं, जिनमें चार्जशीट लगाई गई है. इसके अलावा आजमगढ़ में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. एसआईटी इस मामले में लगातार पूछताछ कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.