Lucknow Crime News: यूपी की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में एक युवक का घर से निकलना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था. शाम को बिना कुछ बताए घर से निकला युवक देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती गई. इसी बीच रात के अंधेरे में एक सुनसान मैदान में जो कुछ हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया. दरअसल, इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक की खून से लथपथ लाश सुनसान मैदान में पड़ी मिली. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
20 वर्षीय टाइल्स कारीगर के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान रितेश सिंह (20) के रूप में हुई है. रितेश कल्याणी विहार कॉलोनी का निवासी था और पेशे से टाइल्स कारीगर था. परिजनों के अनुसार, रितेश मंगलवार शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. रात करीब पौने आठ बजे उसकी मां ने फोन कर हालचाल पूछा, जिस पर उसने खुद को निशातगंज में होने की बात कही और जल्द ही फोन काट दिया. इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका, जिससे परिजन चिंतित हो गए.
मैदान में घायल हालत में मिला रितेश
बुधवार को हरदासखेड़ा स्थित एक मैदान में स्थानीय लोगों ने युवक को गंभीर हालत में पड़ा देखा. उसके गले पर गहरा घाव था और काफी मात्रा में खून बह चुका था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल पर एक बाइक भी खड़ी मिली जिसके नंबर के आधार पर युवक की पहचान की गई.
घटनास्थल से शराब और कोल्डड्रिंक की बोतलें हुईं बरामद
बता दें कि पुलिस को घटनास्थल से शराब, कोल्डड्रिंक और पानी की कई बोतलें भी मिली हैं. इन सुरागों के आधार पर पुलिस को शक है कि रितेश किसी परिचित के साथ वहां बैठा था और उसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आशंका है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी.
चिनहट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा के अनुसार 24 मार्च की रात करीब 10:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि एक युवक घायल अवस्था में मैदान में पड़ा है और उसके गले पर चोट के निशान हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस उपायुक्त पूर्वी शशंक सिंह ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया. मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: अयोध्या में रामनवमी को लेकर चल रही खास तैयारी, सूर्य तिलक से अभिषेक तक का पूरा शेड्यूल आया सामने
ADVERTISEMENT









