बरेली: जिले से शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक द्वारा युवती की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है. पीड़िता पक्ष की शिकायत पर थाना मीरगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री का रिश्ता वासिव पुत्र जुल्फिकार निवासी ग्राम नगरिया कल्याणपुर के साथ तय किया था. कुछ समय बाद दोनों पक्षों में आपसी मतभेद होने के कारण रिश्ता समाप्त कर दिया गया और एक-दूसरे का सामान वापस कर दिया गया.
फर्जी फेसबुक आईडी से अश्लील तस्वीरें किया वायरल
पीड़िता की माँ ने बताया कि इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया, जिसकी शादी आगामी 14 अप्रैल को निर्धारित है. आरोप है कि इससे नाराज होकर वासिव ने ‘U खां’ नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर युवती की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची.
केस दर्ज कर पुलिस साक्ष्य जुटाने में जुटी
मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता की माँ ने थाना मीरगंज में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT









