Bareilly Cyber Crime News: सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. ताजा मामला बरेली के कैंट थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने एक युवती की फोटो का दुरुपयोग कर उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट साझा किए.
ADVERTISEMENT
थाना कैंट क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी एक असली इंस्टाग्राम आईडी पहले से संचालित है. इसी बीच किसी अज्ञात शख्स ने ‘sagar_jaatni’ नाम से फर्जी अकाउंट तैयार कर लिया और उसमें उसकी फोटो का इस्तेमाल किया. आरोपी इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए युवती के नाम से अशोभनीय और अपमानजनक सामग्री पोस्ट कर रहा है.
पीड़िता मानसिक तनाव में, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता का कहना है कि इस हरकत से उसकी सामाजिक छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है. फर्जी आईडी से लगातार हो रहे भद्दे पोस्ट और कमेंट्स के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, साथ ही फर्जी अकाउंट को बंद कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
विशेषज्ञों ने लोगों को किया सतर्क
साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें. जरूरत पड़ने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है. इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है.
ADVERTISEMENT









