Bareilly Pink Gym Scheme:महिलाओं की सेहत को मिलेंगे नए आयाम, शहर से गांव तक खुलेंगे पिंक जिम

बरेली में महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने ‘पिंक जिम’ खोलने की योजना शुरू की है. शहर में दो जिम और हर ब्लॉक स्तर पर एक-एक जिम खोले जाएंगे, जहां महिलाओं को निशुल्क फिटनेस सुविधा और प्रशिक्षित महिला ट्रेनरों की मदद मिलेगी.

Newzo

• 06:38 PM • 22 Mar 2026

follow google news

बरेली: महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने के लिए प्रशासन ने एक अहम पहल की है। अब जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए ‘पिंक जिम’ खोलने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। इस योजना के तहत शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक फिटनेस सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें...

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शहर में दो नए पिंक जिम स्थापित किए जाएंगे, जबकि जिले के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक-एक जिम खोलने की तैयारी है। इन जिमों में महिलाओं को सुरक्षित और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बिना किसी झिझक के अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकें।

जिमों का संचालन सुबह और शाम दो-दो घंटे के लिए होगा

जिम संचालन के लिए प्रशिक्षित महिला ट्रेनरों की तैनाती की जाएगी, जो महिलाओं को व्यायाम के सही तरीके सिखाने के साथ उनकी फिटनेस यात्रा में मार्गदर्शन करेंगी। इन जिमों का संचालन सुबह और शाम दो-दो घंटे के लिए किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। खास बात यह है कि यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी।

हजारों महिलाओं को स्वास्थ्य सुधार का मिलेगा नया अवसर

गौरतलब है कि यह योजना पहले भी प्रस्तावित की गई थी, लेकिन बीच में ठंडे बस्ते में चली गई। अब प्रशासन की नई पहल से इसे फिर से गति मिली है। शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है और मंजूरी मिलते ही अप्रैल-मई में जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। यदि योजना समय पर लागू होती है, तो जिले की हजारों महिलाओं को स्वास्थ्य सुधार का नया अवसर मिलेगा।