बरेली: शाही थाना क्षेत्र से ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां खाद दिलाने के नाम पर एक किसान से 60 हजार रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पचतौरा गांव निवासी कुंवर पाल, जो अमौर क्षेत्र में ‘कृषि क्लिनिक एवं कृषि व्यवसाय केंद्र’ संचालित करते हैं, ने बताया कि उन्होंने 7 फरवरी को यूरिया खाद खरीदने के लिए ‘नेशनल बायो फर्टिलाइजर’ नाम की कंपनी से संपर्क किया था।
ADVERTISEMENT
रकम भेजने के बावजूद खाद की डिलीवरी नहीं
कंपनी के झांसे में आकर उन्होंने अपने बैंक खाते से दो किश्तों में 50 हजार और 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि रकम भेजने के बावजूद न तो उन्हें खाद की डिलीवरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। कई बार संपर्क करने पर भी कंपनी की ओर से टालमटोल किया जाता रहा। ठगी से परेशान होकर कुंवर पाल ने रविवार को शाही थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ‘नेशनल बायो फर्टिलाइजर’ कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
इंस्पेक्टर शाही राजेश बैंसला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कंपनी के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ADVERTISEMENT









