बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गैस सिलेंडर की कमी और वितरण व्यवस्था को लेकर तनाव अब हिंसक रूप लेने लगा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता और एजेंसी के कर्मियों के बीच तीखी झड़प और हाथापाई दिखाई दे रही है। यह घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र की जीरा बस्ती स्थित नीलम गैस एजेंसी के गोदाम की बताई जा रही है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हाथापाई तक हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। वायरल वीडियो को लेकर नीलम गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अभिज्ञान तिवारी ने बताया कि कर्मचारी सिलेंडर डिलीवरी देने की कोशिश कर रहे थे, तभी कतार में खड़े कुछ लोग बिना बुकिंग और बिना लाइन के सिलेंडर लेने की मांग करने लगे। विवाद तब बढ़ा जब एक व्यक्ति लाइन तोड़े बिना अंदर घुसने का प्रयास करने लगा और मना करने पर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया और वहां मौजूद स्टाफ और उपभोक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
एजेंसी के प्रोपराइटर बोले- उपभोक्ता आधे घंटे से गाली-गलौज कर रहे थे
वायरल वीडियो को लेकर नीलम गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अभिज्ञान तिवारी ने मीडिया को बताया कि उपभोक्ता पिछले आधे घंटे से लगातार गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारी सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक लगातार काम कर रहे हैं ताकि गैस की आपूर्ति बनी रहे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि डिलीवरी वाहन बाहर नहीं निकल पा रहे थे, जिसके कारण उन्होंने प्रशासन को भी सूचना दी थी। तिवारी ने स्पष्ट किया कि हाथापाई जानबूझकर नहीं हुई, बल्कि यह आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई इलाकों में लोग जबरन सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं और कर्मचारियों के साथ मारपीट की जा रही है।
तनाव को देखते हुए गोदाम पर कांस्टेबल तैनात किया गया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। बताया गया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन उपभोक्ता लगातार प्रशासन से सुरक्षा और वितरण में सहयोग की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गोदाम पर एक कांस्टेबल तैनात किया गया है। क्षेत्र में गैस की कमी के कारण आम जनता में रोष व्याप्त है, और बुकिंग होने के बावजूद समय पर सिलेंडर न मिलने की स्थिति इस तरह के विवादों का मुख्य कारण बनी हुई है।
ADVERTISEMENT









