बरेली: दबंगई के चलते किसान का खेत जाने का रास्ता बंद, 35 शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

Bareilly News: बरेली की मीरगंज तहसील में 'जीरो टॉलरेंस' के दावों के बीच एक पीड़ित किसान न्याय के लिए भटक रहा है. मोहम्मद मुश्ताक का आरोप है कि दबंगों द्वारा खेत का रास्ता बंद किए जाने से वह एक साल से बुवाई नहीं कर पा रहा है.

Bareilly News

Newzo

• 04:26 PM • 23 Mar 2026

follow google news

Bareilly News: उत्तर प्रदेश सरकार के त्वरित समाधान और ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों के बीच मीरगंज तहसील क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है. बरेली के ग्राम सराय निवासी एक किसान पिछले करीब एक साल से अपने खेत तक जाने के रास्ते को खुलवाने के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रहा है. लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका है.

यह भी पढ़ें...

पीड़ित किसान मो. मुस्ताक निवासी मोहल्ला सराय थाना फतेहगंज पश्चिमी ने ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के ही शिव अवतार शर्मा ने बिना किसी वैधानिक अनुमति के अवैध निर्माण कर उनके खेत का रास्ता बंद कर दिया है. किसान का कहना है कि इस निर्माण के चलते वह अपने खेत तक पहुंचने में असमर्थ हो गया है.

अनदेखी से किसान की फसल और आजीविका पर संकट

पीड़ित के अनुसार, वह 22 फरवरी 2025 से अब तक करीब 30 से 35 बार विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुका है. बावजूद इसके ना तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई. हर बार अधिकारी मौके पर पहुंचकर आश्वासन देकर लौट जाते हैं. लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. रास्ता बंद होने के कारण किसान अपने खेत तक ट्रैक्टर या अन्य कृषि उपकरण नहीं ले जा पा रहा है. नतीजतन खेत खाली पड़ा है और वह फसल नहीं बो सका जिससे उसकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है. पीड़ित का कहना है कि उसकी रोजी-रोटी पूरी तरह प्रभावित हो रही है.

प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

किसान ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए और उसे उसके खेत तक जाने का रास्ता दिलाया जाए. अब देखना यह होगा कि मीरगंज प्रशासन इस बार पीड़ित किसान की समस्या का समाधान करता है या यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा.