चंदौली में जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़: घर में चल रही थी ‘मिनी करेंसी फैक्ट्री’, 1 गिरफ्तार; 2 नाबालिग हिरासत में

Chandauli Fake Note Factory Busted: चंदौली की अलीनगर पुलिस ने जाली नोट बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. आरोपी यूट्यूब से तकनीक सीखकर इंस्टाग्राम के जरिए नकली नोटों का नेटवर्क चला रहा था. पुलिस ने छापेमारी में 100 रुपये के जाली नोट, प्रिंटर और लैपटॉप बरामद किए हैं.

Chandauli Fake Note Factory Busted

Newzo

• 03:25 PM • 23 Mar 2026

follow google news

Chandauli Fake Note Factory Busted:चंदौली जिले में जाली नोट बनाने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है. अलीनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक घर में चल रही नकली नोटों की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान 100 रुपये के 55 जाली नोट और सैकड़ों अधबने नोट बरामद किए हैं. इसके साथ ही प्रिंटर, लैपटॉप, वाटरमार्क पेपर समेत नकली नोट छापने का पूरा सेटअप भी जब्त किया गया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जाली नोट बनाने की तकनीक यूट्यूब और गूगल के जरिए सीखी थी. गिरोह का नेटवर्क इंस्टाग्राम के माध्यम से संचालित किया जा रहा था. आरोपी जाली नोट के बदले असली पैसे लेकर उन्हें बाजार में सप्लाई करता था.

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित

डीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया, 'मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापा मारकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया है. मौके से भारी मात्रा में जाली नोट और उपकरण बरामद हुए हैं. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं.' पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जाली नोट कहां-कहां सप्लाई किए गए और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं.