Bareilly Illegal Silencer Bike Action: मीरगंज क्षेत्र में तेज आवाज और पटाखा छोड़ने वाली बाइकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया. सीओ मीरगंज अजय कुमार के निर्देशन में मीरगंज पुलिस ने नेशनल हाईवे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऐसी चार बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा, जिनके साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव कर उन्हें पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने लायक बनाया गया था. इन बाइकों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, इस तरह के मॉडिफिकेशन से न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
मैकेनिक की दुकान से 10 अवैध साइलेंसर बरामद
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि अभियान के दौरान एक मैकेनिक की दुकान पर भी छापा मारा गया, जहां से 10 अवैध साइलेंसर बरामद किए गए. ये साइलेंसर खासतौर पर बाइकों से तेज धमाके की आवाज निकालने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. पुलिस ने साइलेंसर जब्त करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
चार के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान भी कटा
इसके अलावा पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान भी किया. अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
जनता से पुलिस ने की अपील
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति अपने वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध परिवर्तन न कराएं, ताकि सुरक्षित और शांत वातावरण बना रहे.
ADVERTISEMENT









