गोण्डा: उत्तर प्रदेश पुलिस की खरगूपुर थाना पुलिस ने आपराधिक धमकी देने तथा अश्लील वीडियो वायरल कर मानहानि करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक विनीत जयसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, थाना खरगूपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 314/2026, धारा 79, 351(3), 356(2) बीएनएस एवं 66E/67B आईटी एक्ट से संबंधित आरोपी विनय पुत्र बेचन लाल, निवासी नगवा, थाना गैड़ास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर को चिरकुटिया चौराहे से नगवा जाने वाली सड़क पर गिरफ्तार किया गया.
पीड़िता की मां ने थाना खरगूपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा लिया था, जिसके संबंध में पहले से पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था. आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी लगातार पीड़िता और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दे रहा था तथा अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर रहा था, जिससे पीड़िता मानसिक तनाव में चली गई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने नया मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









