यूपी में इस बार टल जाएंगे पंचायत चुनाव? मंत्री ओपी राजभर ने दिया अब तक का सबसे बड़ा हिंट

यूपी तक के शो 'आज का यूपी' में देखें क्या विधानसभा चुनाव के बाद होंगे पंचायत चुनाव? ओम प्रकाश राजभर के बयानों का विश्लेषण, जेवर एयरपोर्ट का पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन और दादरी में अखिलेश यादव की बड़ी गुर्जर रैली से कैसे बदलेगा 2027 का सियासी समीकरण.

OP Rajbhar

कुमार अभिषेक

28 Mar 2026 (अपडेटेड: 28 Mar 2026, 10:06 AM)

follow google news

Aaj ka UP: यूपी तक का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की राजनीतिक सरगर्मी और विकास की खबरों का सटीक विश्लेषण लेकर हाजिर है. आज के अंक में हम तीन बड़ी खबरों पर चर्चा करेंगे. पहली खबर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बड़े इशारे के बारे में है जिससे संकेत मिल रहे हैं कि अब पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद ही हो सकते हैं. दूसरी बड़ी खबर जेवर एयरपोर्ट के भव्य उद्घाटन को लेकर है जिसे बीजेपी 2027 के लिए अपने विकास के बड़े एजेंडे के रूप में पेश कर रही है. वहीं तीसरी खबर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की दादरी में होने वाली 'भाईचारा समानता रैली' पर आधारित है जिसके जरिए वे पश्चिमी यूपी में अपना नया वोट बैंक साधने की तैयारी में हैं.

यह भी पढ़ें...

1. पंचायत चुनाव पर सस्पेंस खत्म? ओम प्रकाश राजभर ने दिए चुनाव टलने के संकेत

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर जारी उहापोह की स्थिति अब साफ होती दिख रही है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक विशेष बातचीत में संकेत दिया है कि ये चुनाव अब विधानसभा चुनाव के बाद ही संपन्न होंगे. हालांकि उन्होंने औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा.लेकिन उनका यह बयान कि 'चुनाव जब भी होंगे, उनकी ही सरकार कराएगी', इस बात की ओर पुख्ता इशारा करता है कि सरकार अभी चुनाव कराने की जल्दबाजी में नहीं है.

राजभर ने स्पष्ट किया कि मामला फिलहाल हाई कोर्ट में है और राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों की ड्यूटी एसआईआर (SIR) में होने की मजबूरी अदालत के सामने रखी है.दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी के साथ-साथ समाजवादी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है. माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में केवल 10-11 महीने का समय शेष होने के कारण कोई भी दल पंचायत चुनाव में पार्टी के भीतर बगावत का जोखिम नहीं लेना चाहता.

2. जेवर एयरपोर्ट के जरिए बीजेपी सेट करेगी 2027 का 'विकास कार्ड'

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में कल का दिन बेहद अहम होने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दोपहर 11:30 बजे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. बीजेपी इस प्रोजेक्ट को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर शोकेस कर रही है. संगठन से लेकर सरकार तक इस मेगा इवेंट को सफल बनाने में जुटे हैं. पार्टी को भरोसा है कि एशिया के इस सबसे बड़े एयरपोर्ट का क्रेडिट उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी बढ़त दिलाएगा. यह एयरपोर्ट न केवल कनेक्टिविटी सुधारेगा बल्कि बीजेपी के 'विकासवाद' के ब्रांड को और मजबूत करेगा.

3. अखिलेश यादव की दादरी रैली: पश्चिमी यूपी में गुर्जर कार्ड खेलने की तैयारी

बीजेपी के जेवर उद्घाटन कार्यक्रम के जवाब में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव परसों दादरी (गाजियाबाद) में एक विशाल 'भाईचारा समानता रैली' करने जा रहे हैं. जयंत चौधरी के एनडीए में जाने के बाद अखिलेश यादव पश्चिमी यूपी में अपना नया आधार तलाश रहे हैं.

सपा की इस रैली का मुख्य फोकस 'गुर्जर' बिरादरी को साधना है. राजकुमार भाटी पिछले कई महीनों से इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं. अखिलेश यादव को उम्मीद है कि मुस्लिम-गुर्जर गठजोड़ के जरिए वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जयंत चौधरी की कमी को पूरा कर पाएंगे. यह देखना दिलचस्प होगा कि दादरी की यह रैली 2027 के लिए सपा का कितना मजबूत फुटप्रिंट छोड़ पाती है.