Agra Viral Video: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. खंदौली क्षेत्र में चार नाबालिगों के दर्जनों आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई है. ये वीडियो होटल के कमरे का बताया जा रहा है. इस वीडियो में दो लड़के और दो लड़कियां नजर आ रही हैं और ये सभी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से पूरे गांव में नाराजगी का माहौल है. मामले को देखते हुए एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें जांच में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT
3 महीने पुराना है वीडियो
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि ये वीडियो करीब तीन महीने पुराने हैं. जांच के मुताबिक आगरा के ही एक होटल में इन वीडियो को रिकॉर्ड किया गया था. वीडियो में एक किशोर खुद रिकॉर्डिंग करता हुआ भी नजर आ रहा है. डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के अनुसार, वीडियो में दिख रहे चारों नाबालिग एक-दूसरे को पहले से जानते थे. फिलहाल पुलिस उस होटल की भी तलाश कर रही है जहां नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों को कमरा दिया गया था.
बदनामी के डर से चुप थे परिजन
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुरुआत में बदनामी के डर से पीड़ित पक्ष सामने आने से कतरा रहा था. हालांकि पुलिस के समझाने और भरोसे में लेने के बाद एक लड़की के पिता ने हिम्मत जुटाई और तहरीर दी. इसके आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर वीडियो में दिख रहे दो आरोपी किशोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
गांव में तनाव के बीच पुलिस का पहरा
वीडियो सार्वजनिक होने के बाद गांव में दो पक्षों के बीच टकराव और माहौल बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है. थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह आपसी सहमति का मामला लग रहा है.लेकिन नाबालिगों के साथ इस तरह के कृत्य और वीडियो वायरल करने के गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहराई से तफ्तीश कर रही है.
ADVERTISEMENT









