Kanpur Gym Trainer Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिल्ली-हावड़ा हाईवे के किनारे मिली महिला की लाश की पहचान हो गई है. मृतका मंतशा कानपुर के जाजमऊ स्थित एक जिम में ट्रेनर थी. वह मूल रूप से केरल की रहने वाली थी और उन्नाव के गंगाघाट इलाके में अपने पिता के साथ रहती थी. गुरुवार सुबह वह जिम जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. शुक्रवार रात उसके पिता विजय कुमार ने महाराजपुर थाने पहुंचकर शव की पहचान की. शुरुआती जानकारी के मुताबिक मंतशा की हत्या करने के बाद उसका शव हाईवे किनारे फेंका गया था. पिता ने एक युवक पर शक जताया है, जिसकी भूमिका की पुलिस जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
जिम जाने के लिए घर से निकली
मंतशा के पिता विजय कुमार उन्नाव के गंगाघाट स्थित अखलाक नगर में रहते हैं. परिवार के मुताबिक गुरुवार सुबह मंतशा रोज की तरह जिम जाने के लिए घर से निकली थी. वह कानपुर के जाजमऊ स्थित जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करती थी. लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसी दौरान उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया. बेटी का पता नहीं चलने पर परिवार ने गुरुवार को ही गंगाघाट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी.
यह भी पढ़ें- दिवाली पर आपकी मिठाई में तो नहीं पहुंच रहा ऐसा पनीर? मथुरा में 2500 किलो माल पकड़ा, मौके पर किया नष्ट
हाईवे किनारे मिली बॉडी
शुक्रवार को परिवार को सूचना मिली कि कानपुर के महाराजपुर इलाके में दिल्ली-हावड़ा हाईवे के किनारे एक महिला का शव मिला है. इसके बाद परिजन महाराजपुर थाने पहुंचे. वहां मौजूद शव के कपड़ों और तस्वीरों को देखकर उन्होंने उसकी पहचान मंतशा के रूप में की. मृतका के पिता विजय कुमार ने शुक्रवार रात पुलिस थाने पहुंचकर बेटी की पहचान की पुष्टि की. इससे पहले पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए पोस्टर भी जारी किए थे. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि महिला की हत्या के बाद शव को हाईवे किनारे फेंका गया था.
पिता ने एक युवक पर जताया शक
बेटी की पहचान होने के बाद पिता विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक युवक पर शक है. उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. एसीपी महाराजपुर आशुतोष सिंह के मुताबिक शुक्रवार सुबह हाईवे किनारे महिला का शव मिला था. उसकी पहचान कराने के लिए पुलिस ने पोस्टर जारी किए थे. शुक्रवार रात मृतका के पिता थाने पहुंचे और शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की. एसीपी ने बताया कि मंतशा की गुमशुदगी उन्नाव के गंगाघाट थाने में दर्ज थी. पिता की ओर से जिस युवक पर संदेह जताया गया है, पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- 'अखिलेश ने कहा था कोई विधायक अयोध्या नहीं जाएगा...' मनोज पांडेय ने बताया सपा छोड़ने का पूरा किस्सा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी जांच
पुलिस के मुताबिक शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और दूसरे तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंतशा की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी. अभी तक हत्या के आरोपी और वारदात के कारण का खुलासा नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











