लेटेस्ट न्यूज़

दिवाली पर आपकी मिठाई में तो नहीं पहुंच रहा ऐसा पनीर? मथुरा में 2500 किलो माल पकड़ा, मौके पर किया नष्ट

दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA/UPFSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है.

ADVERTISEMENT

Mathura 2500 Kg Paneer Seized
Mathura 2500 Kg Paneer Seized
social share
Google CTA

Mathura 2500 Kg Paneer Seized: दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA/UPFSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. मथुरा के छाता क्षेत्र में राजस्थान से आ रही एक बोलेरो पिकअप को रोककर करीब 2,500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया गया. इसकी अनुमानित कीमत 5.05 लाख रुपये बताई गई है. अधिकारियों के मुताबिक पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध थी और उसे अस्वच्छ तरीके से ले जाया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे पनीर को नष्ट करा दिया गया. इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार भी किया गया है.

सूचना मिलने पर दो टीमें लगाई गईं

सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह ने बताया कि दिवाली के दौरान मिठाइयां बनाने के लिए खोया और पनीर की मांग बढ़ जाती है. इसी का फायदा उठाकर राजस्थान, हरियाणा और दूसरे जिलों से घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ मथुरा लाए जा रहे हैं. विभाग को गुरुवार को सूचना मिली थी कि राजस्थान के डीग जिले की कामां तहसील से बड़ी मात्रा में घटिया और सिंथेटिक पनीर मथुरा पहुंचाया जा रहा है. इसके बाद विभाग ने दो टीमें बनाकर अलग-अलग रास्तों पर तैनात कीं.

यह भी पढ़ेंः स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे की ऊंचाहार सीट पर पेंच, अखिलेश यादव को याद दिलाया पुराना 'वादा'

रात डेढ़ बजे रोकी गई पिकअप

गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर कोसी कलां क्षेत्र में बठैन गेट पुलिस चौकी के पास संदिग्ध पिकअप को रोका गया. खाद्य सचल दल ने पुलिस बल के साथ वाहन की तलाशी ली तो उसमें करीब 2,500 किलो पनीर मिला. अधिकारियों के मुताबिक, पनीर सिंथेटिक तरीके से बना हुआ लग रहा था और उसे बेहद अस्वच्छ हालत में ले जाया जा रहा था. कारोबारी पनीर की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज भी नहीं दिखा सका. वाहन चालक सलीम को गिरफ्तार कर लिया गया.

दो नमूने लेकर पूरा पनीर कराया नष्ट

पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए मौके से दो नमूने लिए गए. अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए माल की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक है. खाद्य सुरक्षा को देखते हुए करीब 2,500 किलो संदिग्ध, दूषित और अस्वच्छ पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. सहायक आयुक्त जतिन कुमार सिंह के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद उस कारोबारी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसने यह पनीर मंगवाया था. नमूनों की जांच रिपोर्ट से पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.

असली-नकली पनीर पहचानने का क्या है तरीका? 

बाजार से पनीर खरीदते समय उसकी बनावट, गंध और स्वाद पर ध्यान देना जरूरी है. असली पनीर नरम, मुलायम और हल्की दूधिया खुशबू वाला होता है, जबकि नकली पनीर रबड़ जैसा सख्त हो सकता है या उसमें केमिकल और खट्टी गंध आ सकती है. इसकी पहचान के लिए पनीर का एक टुकड़ा हाथ में मसलकर देखें. अगर वह भुरभुरा होकर टूटने लगे तो उसमें मिलावट की आशंका हो सकती है. इसके अलावा पनीर को पानी में करीब 5 मिनट उबालकर उसमें आयोडीन टिंचर की कुछ बूंदें डालें. अगर उसका रंग नीला पड़ता है तो स्टार्च की मौजूदगी का संकेत हो सकता है. हालांकि, यह जांच हर तरह की मिलावट की पुष्टि नहीं करती. 

यह भी पढ़ेंः यूपी में एक और अफसर का इस्तीफा, GST डिप्टी कमिश्नर अनुपमा सरोज लड़ेंगी विधानसभा चुनाव?

पैकेट वाला पनीर खरीदते समय उसके इंग्रीडिएंट्स भी जरूर पढ़ें. असली पनीर आमतौर पर दूध और नींबू के रस या सिरके जैसे जमावट एजेंट से बनाया जाता है. पनीर को गर्म पानी में उबालकर भी उसकी बनावट देख सकते हैं. अगर वह रबड़ जैसा हो जाए या टूटने लगे तो उसकी गुणवत्ता पर शक हो सकता है. असली पनीर का स्वाद ताजा और दूधिया होता है, जबकि मिलावटी पनीर का स्वाद अजीब या चिकना लग सकता है. हालांकि, केवल घरेलू तरीकों से पनीर के शुद्ध होने की पक्की पुष्टि नहीं की जा सकती.