UP College Student Protest: वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या का मामला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. सूर्य सिंह की हत्या करने वाले आरोपी मंजित की गिरफ्तारी और उसके साथी अनुज के सरेंडर के बाद भी छात्रों का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ है. सोमवार को छात्रों ने कॉलेज के मेन पर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए अपना मुंडन कराया.
ADVERTISEMENT
20 मार्च को सूर्य प्रताप को कैंपस में मारी गई थी गोली
बीते 20 मार्च को बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर के भीतर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र कुमार सिंह की लापरवाही और अनदेखी के कारण अपराधी बेखौफ होकर कैंपस में असलहा लेकर घुसे. इसी नाराजगी को जाहिर करने के लिए आज धरने पर बैठे 3-4 छात्रों ने बारी-बारी से अपना मुंडन कराया और प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग की.
छात्रों के इस मुंडन विरोध के दौरान कैंपस में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि पुलिस ने हत्यारों को तो पकड़ लिया. लेकिन उस सिस्टम का क्या जो छात्रों को सुरक्षा देने में नाकाम रहा? छात्रनेताओं का सीधा आरोप है कि प्रिंसिपल की कार्यशैली के चलते कैंपस का माहौल बिगड़ा है.
छात्रनेता ने प्रिसिंपल पर लगाए ये आरोप
यूपी कॉलेज के छात्रनेता विवेकानंद सिंह ने कहा कि 'घटना के वक्त मौजूद छात्रों का कहना है कि आरोपी मंजीत केवल सूर्य को ही नहीं उसके साथ मौजूद अन्य छात्रों पर भी अंधाधुंध गोलियां चला रहा था. खुद प्रिंसिपल और प्रोफेसर मनोज सिंह के बयानों से भी यह स्पष्ट है कि हमलावर चार छात्रों को निशाना बनाने आया था.लेकिन शोर मचने के कारण अन्य छात्र बच गए. सबसे बड़ा आरोप यह है कि घटना से 10 दिन पहले भी आरोपी ने सूर्य और उसके साथियों को कैंपस में दौड़ाया था.छात्रों ने इसकी शिकायत मौखिक रूप से प्रिंसिपल से की थी.विवेकानंद सिंह का आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रिंसिपल ने कोई कार्रवाई नहीं की.उल्टा छात्रों को ही अपराधी बताकर फटकार लगाई और आरोपी का बचाव करते हुए कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकता.छात्रनेता ने साफ कहा है कि जब तक प्रिंसिपल को पद से कार्यमुक्त नहीं किया जाता तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT









