Barabanki News: बाराबंकी में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने दो अंतर्जनपदीय शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शुगर मिल देवा ओवरब्रिज के पास से अभियुक्त मो. फहीम उर्फ सुल्तान उर्फ सालू निवासी सीतापुर तथा आफताब निवासी सीतापुर को गिरफ्तार किया.
ADVERTISEMENT
दोनों अभियुक्तों के पास से अलग-अलग नंबर की कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें एक बिना नंबर प्लेट की बाइक भी शामिल है. पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे लखनऊ, रायबरेली और गोंडा सहित आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे. साथ ही बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र से भी दो मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूली है. इस संबंध में विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं.
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. फहीम का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं. वहीं, आफताब के खिलाफ भी लूट, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इस सफलता में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुराग पाठक, पप्पू सिंह यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही.
ADVERTISEMENT









