Sitapur News: सीतापुर में आजाद अधिकार सेना का बड़ा एक्शन, 2 अहम मुद्दों पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को ज्ञापन, कार्रवाई न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Protest in Sitapur: सीतापुर में आजाद अधिकार सेना ने सहारा निवेशकों के फंसे धन के भुगतान और पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम दो ज्ञापन सौंपे. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.

Newzo

08 Apr 2026 (अपडेटेड: 08 Apr 2026, 04:27 PM)

follow google news

Protest in Sitapur: आजाद अधिकार सेना द्वारा जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम को दो ज्ञापन सौंपे गए. एक ओर जहां सहारा इंडिया परिवार में फंसे निवेशकों के भुगतान की मांग उठाई गई, वहीं दूसरी ओर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की सुरक्षा और कथित उत्पीड़न के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति को प्रार्थना पत्र प्रेषित किया गया.

यह भी पढ़ें...

आजाद अधिकार सेना सीतापुर के जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा के नेतृत्व में पीड़ित जमाकर्ताओं ने जिला अधिकारी सीतापुर को ज्ञापन सौंपते हुए सहारा क्यू शॉप यूनिक प्रोडक्ट रेंज लिमिटेड सहित अन्य योजनाओं में फंसी धनराशि के भुगतान हेतु एक अलग सरल एवं पारदर्शी पोर्टल बनाए जाने की मांग की. साथ ही सहारा रिफंड पोर्टल के माध्यम से हो रहे आंशिक भुगतान पर नाराजगी जताते हुए सभी सोसाइटियों के निवेशकों को उनका सम्पूर्ण भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की गई.

2023 से लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं

जिला अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2023 से लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है, जिससे निवेशकों में भारी आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने सहारा समूह की संपत्तियों की जांच कर उन्हें निवेशकों के भुगतान में उपयोग करने की भी मांग उठाई.

राजनीतिक प्रतिशोध के तहत फर्जी मामलों में फंसाने का आरोप

इसी क्रम में आजाद अधिकार सेना द्वारा पूर्व आईपीएस एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की सुरक्षा फर्जी मुकदमों से उत्पीड़न के विरोध में राष्ट्रपति को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया. ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत लंबे समय से फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है. कारावास के दौरान उत्पीड़न एवं उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति पर भी चिंता जताई गई.

निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

संगठन ने यह भी बताया कि अमिताभ ठाकुर को जेल के भीतर एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ, जिस पर अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. आजाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए फर्जी मुकदमों को निरस्त किया जाए तथा उन्हें Z या Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाए.

कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को होगा बाध्य

संगठन ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि न्याय और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा हुआ है इसलिए इस पर तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है. इस दौरान चन्द भान सक्सेना लक्ष्मी कांत बाजपेई राज कुमार श्रीवास्तव विजय कुमार गुप्ता, आदित्य सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. आजाद अधिकार सेना ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोनों मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा.