Sitapur agriculture news: बोरों की कमी से रुकी गेहूं खरीद, गुरु पाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने सौंपा ज्ञापन, लखनऊ कूच की चेतावनी..

Sitapur agriculture news: सीतापुर में बोरों की कमी से गेहूं खरीद ठप; नाराज किसानों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन. सिख संगठन और आजाद अधिकार सेना की चेतावनी- जल्द तौल शुरू न हुई तो लखनऊ कूच करेंगे किसान.

Newzo

• 03:56 PM • 06 Apr 2026

follow google news

Sitapur agriculture news: गेहूं खरीद केंद्रों पर बोरों की कमी के चलते खरीद न होने से नाराज किसानों ने शासन व प्रशासन के सामने आवाज उठाई. वहीं, सिख संगठन के जिला अध्यक्ष गुरु पाल सिंह के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल जिला अधिकारी सीतापुर के नाम अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. 

यह भी पढ़ें...

ज्ञापन में जानकारी देते हुए बताया गया कि शासन द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन बोरों की कमी के कारण अब तक किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है. इससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

"जल्द गेहूं खरीद शुरू नहीं हुई तो फसल खराब हो सकती है”

किसानों का कहना है कि मौसम लगातार बदल रहा है और बे-मौसम बारिश का खतरा बना हुआ है. ऐसे में यदि जल्द गेहूं खरीद शुरू नहीं हुई तो किसानों की फसल खराब हो सकती है. उन्होंने मांग की है कि तत्काल खरीद केंद्रों पर बोरों की व्यवस्था कर गेहूं खरीद शुरू कराई जाए तथा गेहूं को डंप कर सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसानों को नुकसान न उठाना पड़े.

किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. वहीं किसानों ने साफ कहा कि यदि जल्द तौल शुरू नहीं हुई, तो किसान अपनी गेहूं से लदी ट्रॉलियों के साथ लखनऊ कूच करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.

बड़ी संख्या में किसान मौजूद

इस दौरान आजाद अधिकार सेना सीतापुर के जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा सहित सतनाम सिंह, देवेंद्र सिंह, जसविंदर सिंह, अमनदीप सिंह, समशेर सिंह, रामगोपाल प्रजापति समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर जल्द से जल्द गेहूं खरीद शुरू कराने की मांग की.