UP Weather Updates: यूपी में 48 घंटे बाद मौसम लेगा यू-टर्न, इन जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का IMD अलर्ट जारी

यूपी तक

26 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी, तीखी धूप और दम घोंटू उमस की चौतरफा मार झेल रहा है, जिससे पूरी सूबे में हाहाकार मचा हुआ है. लेकिन इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक राहत वाली खबर साझा की है.

UP Weather Update

UP Weather Update

Google CTA

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और घूप की मार झेल रहा है, लेकिन इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक राहत वाली खबर साझा की है.  मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश को आगामी 28 मई से इस आग उगलती गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है. हालांकि, अगले 48 घंटे यानी 28 मई तक राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू (Heat Wave) का कहर जारी रहेगा. इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा. आसमान में मेघगर्जन के साथ झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में आने वाले इस बदलाव से पारे पर अचानक ब्रेक लगेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी.

यह भी पढ़ें...

प्रयागराज और बुंदेलखंड में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राहत मिलने से पहले प्रयागराज और बुंदेलखंड के इलाकों में लू सबसे ज्यादा परेशान करेगी. विभाग ने प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, झांसी, महोबा और हमीरपुर जैसे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसके ठीक बाद, 28 और 29 मई के दौरान राजधानी लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में मौसम अचानक यू-टर्न लेगा, जहां 40 से 60 किमी/घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी. राहत देने वाली यह मानसूनी हलचल पूर्वी उत्तर प्रदेश, अवध और तराई बेल्ट को पूरी तरह सराबोर करेगी. इसके तहत देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी और सुल्तानपुर में बादलों के कड़े पहरे के बीच गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.

80 KM की रफ्तार से चलेगी आंधी

मौसम का यह बदलाव केवल पूर्वी या मध्य यूपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसका भारी असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने मेरठ से लेकर सहारनपुर तक बड़ा अलर्ट जारी किया है. सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे जिलों में आंधी के झोंके 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार को छू सकते हैं. धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि की इस चेतावनी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है. इस तूफानी मौसम और ओलों के कारण आम, केला, पपीता, गन्ना, मक्का और हरी सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है, इसलिए किसानों को सतर्क रहने को कहा गया है.

वज्रपात को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी

इस राहत की बारिश के साथ ही आसमान में गंभीर आसमानी बिजली चमकने की भी घटनाएं होंगी. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त हिदायत दी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब मौसम खराब हो, तो किसी भी हादसे से बचने के लिए खुले मैदानों में जाने या बड़े पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से पूरी तरह बचें. उमस और तपन से तड़प रहे उत्तर प्रदेश के नागरिकों के लिए यह आंधी-पानी भले ही पारे को गिराकर बड़ी राहत लाएगा, लेकिन सतर्कता बरतकर ही इस उग्र मौसम में सुरक्षित रहा जा सकता है.