Gonda News Today: गोण्डा जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते गोण्डा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है. मुख्यमंत्री कार्यालय लोकभवन द्वारा जारी मार्च माह की आईजीआरएस रैंकिंग में गोण्डा पुलिस को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है. यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के नेतृत्व में जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का परिणाम मानी जा रही है.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और आईजीआरएस शाखा से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, और गोण्डा पुलिस इसी दिशा में लगातार बेहतर कार्य कर रही है.
हर महीने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों की होती है समीक्षा
हर महीने शासन स्तर पर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जाती है. शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद जिलों की रैंकिंग तय होती है. जिन शिकायतों का तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान नहीं हो पाता, वे डिफाल्टर श्रेणी में चली जाती हैं. ऐसे में गोण्डा पुलिस का प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण माना जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस सेल प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार चौधरी और उनकी टीम को विशेष रूप से बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य जारी रखने के निर्देश दिए.
IGRS टीम की मेहनत लाई रंग
इस उपलब्धि में निरीक्षक राजेश कुमार चौधरी के साथ उपनिरीक्षक रामसुंदर, आरक्षी वी.पी. कुमार, राम नरेश, चन्दन प्रसाद, चंद्रगुप्त मौर्य, बृजेश तथा महिला आरक्षी शिखा वर्मा, प्रीति, दीपा कुशवाहा, अनीता गुप्ता और नैंसी गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही. जनता से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के कारण गोण्डा पुलिस की कार्यशैली को शासन स्तर पर सराहना मिल रही है. यह उपलब्धि न केवल पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है बल्कि आम नागरिकों के विश्वास को भी मजबूत करती है.
ADVERTISEMENT









