Gonda Road Accident: मेले से लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार डीसीएम ने ली जान

Gonda News: गोंडा के कर्नलगंज-कटरा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में मेले से लौट रहे युवक मोहम्मद रईस की डीसीएम की चपेट में आने से मौत हो गई.

Newzo

08 Apr 2026 (अपडेटेड: 08 Apr 2026, 11:01 AM)

follow google news

Gonda News: कर्नलगंज रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकला एक मेहनतकश युवक बुधवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गया. कर्नलगंज-कटरा रोड पर गौरवा खुर्द स्थित गैस गोदाम के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार मोहम्मद रईस पुत्र मोहम्मद वारिस, निवासी नई बाजार, कर्नलगंज, की दर्दनाक मौत हो गई. 

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार मोहम्मद रईस बलरामपुर मेले में चूड़ी बेचने गए थे. रातभर मेहनत कर परिवार के लिए रोजी कमाने के बाद सुबह तड़के वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वह गौरवा एजेंसी के पास पहुंचे, सामने से आए डीसीएम ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं. 

मोहम्मद रईस सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीद थे. परिवार में पांच बेटियां हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है. दो छोटे बच्चे भी हैं, और पूरे घर की जिम्मेदारी अकेले उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम फैल गया. 

स्थानीय लोगों के अनुसार रईस मेहनत-मजदूरी और छोटे व्यापार के जरिए परिवार का पालन-पोषण करते थे. मेले से लौटते समय किसी ने नहीं सोचा था कि घर पहुंचने से पहले ही जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा.

कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र राय ने बताया कि डंपर चालक और डंपर दोनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: Bareilly Police Action: बरेली के रामलीला मैदान से अवैध तमंचे के साथ अधेड़ गिरफ्तार, पुलिस की सतर्कता से टली संभावित वारदात