Gonda News: गोंडा पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए बिहार निवासी युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार युवती की हत्या प्रेम संबंधों में विवाद, पैसों के लेनदेन और धोखे के शक के चलते की गई. पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में कोतवाली देहात पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ कुम्हार निवासी चौगाई, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार किया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक, 29 मार्च को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के भीटी भदवल गांव की रहने वाली 25 वर्षीय शीला खेत जाने के बाद लापता हो गई थी. परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई. 2 अप्रैल को ग्राम भदावल के पास गन्ने के खेत में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पहचान होने पर शव शीला का निकला.
जांच में सामने आया कि आरोपी अरुण कुमार की मृतका से वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी. दोनों साथ में रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे और कई बार मिल चुके थे. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने युवती को कई बार नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपये दिए थे. आरोप है कि युवती लगातार और पैसे मांग रही थी, साथ ही आरोपी को शक था कि वह किसी अन्य युवक से भी बातचीत कर रही है.
इसी नाराजगी में आरोपी ने योजना बनाकर 29 मार्च को युवती को मिलने के लिए बुलाया. पुलिस के अनुसार गन्ने के खेत में रील बनाने का बहाना कर उसने युवती के हाथ पीछे बांध दिए और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. बाद में आरोपी ने चाकू झाड़ियों में छिपा दिया और फरार हो गया. तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 4 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह तोमर सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे.
ADVERTISEMENT









