Rajpal Yadav News: बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव पिछले कुछ समय से 5 करोड़ रुपये के लोन और चेक बाउंस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. इस मामले में उन्हें तिहाड़ जेल की सजा भी काटनी पड़ी. जेल से बाहर आने के बाद हाल ही में संपन्न हुए चेतक फिल्म स्क्रीन अवॉर्ड्स में राजपाल यादव और एंकर सौरभ द्विवेदी के बीच हुई बातचीत का एक हिस्सा वायरल हो गया, जिसने इंडस्ट्री में हलचल पैदा कर दी है.
ADVERTISEMENT
डॉलर, रुपया और उधार- अवॉर्ड शो में क्या हुआ?
अवॉर्ड शो के दौरान एक स्किट के हिस्से के रूप में एंकर सौरभ द्विवेदी ने राजपाल से उधार और इकोनॉमी को लेकर बात की. वायरल वीडियो में सौरभ कहते दिख रहे हैं, "डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर नीचे हो, उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं." इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सौरभ द्विवेदी की काफी आलोचना होने लगी और लोगों ने इसे राजपाल के निजी हालातों पर कटाक्ष माना.
सलमान खान ने बढ़ाया हौसला, राजपाल ने कहा 'थैंक यू भाई'
इस पूरे विवाद के बीच सुपरस्टार सलमान खान राजपाल यादव के समर्थन में उतरे. सलमान ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हमने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया क्योंकि आप अपना काम जानते हैं. काम आपको इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा." सलमान ने आगे लिखा कि फ्लो में कभी-कभी कुछ निकल जाता है, लेकिन दिल से काम करते रहो. इस पर राजपाल ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "सलमान भाई, बड़े भाई की तरह रास्ता दिखाने के लिए शुक्रिया. लव यू भाई, नमन."
सौरभ द्विवेदी के पक्ष में उतरे राजपाल, ट्रोलर्स को दी नसीहत
मामला बढ़ता देख राजपाल यादव ने खुद एक वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवॉर्ड शो में जो हुआ वह एक स्क्रिप्टेड हिस्सा था, जिसका उद्देश्य युद्ध और इकोनॉमी के बीच पिसते 'कॉमन मैन' की स्थिति को दिखाना था. राजपाल ने कहा, "सौरभ और जाकिर मेरे छोटे भाई जैसे हैं. प्लीज सौरभ की निंदा करके उनका दिल मत दुखाइए. उनका दिल दुखाना मतलब मेरा दिल दुखाना है." उन्होंने कहा कि कभी-कभी फिल्मों की तरह असल जीवन के दृश्यों का अर्थ भी दर्शक सही तरीके से नहीं समझ पाते.
क्या है पूरा कानूनी मामला?
राजपाल यादव पर दिल्ली हाई कोर्ट में चेक बाउंस का मामला चल रहा है. साल 2010 में अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए उन्होंने मेमर्स मुल्ली प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ का लोन लिया था. लोन न चुका पाने के कारण उनके चेक बाउंस हुए, जिसकी वजह से उन्हें बीते दिनों तिहाड़ जेल जाना पड़ा था. फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं.
यहां देखें वीडियो रिपोर्ट
ADVERTISEMENT









