Lakhimpur Kheri Crime News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां करीब आठ दिन पहले घर से बैंक से पैसे निकालने के लिए निकली 17 वर्षीय छात्रा का शव गन्ने के खेत में खून से लथपथ और अर्धनग्न अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. छात्रा के अचानक लापता होने के बाद परिवार कई दिनों तक उसकी तलाश करता रहा लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बाद में खेत में शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. परिजनों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT
बैंक से पैसे निकालने के लिए घर से निकली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के थाना सदर कोतवाली क्षेत्र की कन्नौजिया कॉलोनी में रहने वाली करीब 17 वर्षीय छात्रा 24 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे घर से बैंक से पैसे निकालने के लिए निकली थी. परिवार को उम्मीद थी कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगी लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.
परिवार के लोगों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसी रात परिजनों ने थाना सदर कोतवाली में छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. परिवार का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने खोजबीन में कोई खास सक्रियता नहीं दिखाई.
आठ दिन बाद गन्ने के खेत में मिला खून से लथपथ शव
छात्रा के लापता होने के करीब आठ दिन बाद, 3 मार्च 2026 को शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर मुड़ियाखेड़ा गांव के बाहर एक गन्ने के खेत में खून से लथपथ और अर्धनग्न अवस्था में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी हुई. जब परिजनों को इस बारे में पता चला तो वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. वहां पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की. यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए.
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के चाचा सत्यप्रकाश वर्मा ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उनकी भतीजी 24 फरवरी को दोपहर 3 बजे घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी. शाम करीब 5 बजे फोन आया कि वह घर आ गई है लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला.
परिवार के लोगों ने पूरी रात और अगले कई दिनों तक उसकी तलाश की. रात में थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस मदद नहीं मिली. उन्होंने मांग की है कि मामले में चौकी इंचार्ज के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए और जो भी दोषी हैं उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए.
मामले पर सियासत भी हुई तेज
घटना की जानकारी मिलते ही खीरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद उत्कर्ष वर्मा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इस घटना को बेहद जघन्य अपराध बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि एक नाबालिग बच्ची को पहले बहला-फुसलाकर ले जाया गया, फिर मुड़ियाखेड़ा गांव के पास खेत में उसके साथ रेप किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. उनका कहना था कि अगर शुरुआत में पुलिस ने तत्परता दिखाई होती तो शायद लड़की को बचाया जा सकता था.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बता दें कि इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि 24 फरवरी 2026 को कन्नौजिया कॉलोनी की एक लड़की के लापता होने की सूचना पर परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज किया गया था.
लखीमपुर खीरी के एडिशनल एसपी ईस्ट पवन गौतम ने बताया कि 3 मार्च 2026 को मुड़ियाखेड़ा गांव के बाहर गन्ने के खेत में लड़की का शव बरामद हुआ. इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं. पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: 17 साल के भतीजे ने चाची पूजा के बेडरूम में जाकर मार दी गोली, अब ये वजह आई सामने
ADVERTISEMENT









