दिल्ली-मेरठ नमो भारत को लेकर आया नया अपडेट, NCRTC ने संचालन में कर दिया बड़ा बदलाव

आयशा शेख़

• 07:46 PM • 28 Jul 2026

Namo Bharat: कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए NCRTC ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 30 जुलाई से 14 अगस्त तक 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स चलाने का फैसला किया है.

UP Tak
Google CTA

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने कांवड़ यात्रा में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली-मेरठ नमो भारत (Namo Bharat) कॉरिडोर पर 52 एक्स्ट्रा ट्रेन ट्रिप्स चलाने का फैसला लिया है.

यह भी पढ़ें...

नई व्यवस्था 30 जुलाई से 14 अगस्त के बीच दिल्ली के सराय काले खां से लेकर मेरठ के मोदीपुरम तक लागू रहेगी. इस फैसले के बाद नमो भारत ट्रेनें अब हर 10 मिनट की बजाय महज 8-8 मिनट के अंतराल पर यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी को भी स्टेशनों पर लंबा इंतजार न करना पड़े.

कांवड़ यात्रा में रोड बंद

सावन के दौरान हर साल कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच कई प्रमुख सड़कों और हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाता है. सड़कें बंद होने से बस और गाड़ियों से सफर करने वाले दफ्तर जाने वाले लोगों, छात्रों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

ऐसे में एनसीआरटीसी का मानना है कि नमो भारत ट्रेन सेवा इस दौरान लोगों के लिए सबसे तेज, सुरक्षित और समय पर मंजिल तक पहुंचाने वाला साधन बनेगी. वर्तमान में इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1 लाख यात्री सफर करते हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान इस संख्या में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है.

जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जा सकती है फ्रीक्वेंसी

एनसीआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि 52 अतिरिक्त फेरों के बाद भी अगर स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी को और अधिक बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा मेरठ शहर के भीतर लोगों की आवाजाही को आसान बनाए रखने के लिए मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो की सेवाएं भी बिना रुकावट जारी रहेंगी.

सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग को लेकर अहम अलर्ट

कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए दिल्ली में CISF और उत्तर प्रदेश में UPSSF के साथ तालमेल बिठाकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.

रूट डायवर्जन और सड़कें बंद होने के कारण कुछ नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं. एनसीआरटीसी इसकी पूर्व जानकारी समय-समय पर यात्रियों को देता रहेगा.