मेरठ SSP अविनाश पांडेय हाथ में गुलाब का फूल लेकर क्यों दौड़ाने लगे, वीडियो की कहानी आई सामने

उस्मान चौधरी

• 06:22 PM • 21 Jul 2026

Meerut SSP Avinash Pandey: मेरठ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के काफिले के पीछे हाथ में गुलाब लेकर दौड़ते एसएसपी अविनाश पांडेय का वीडियो वायरल हो गया. जानिए आखिर क्यों दौड़ना पड़ा, कौन हैं यह चर्चित आईपीएस अधिकारी और क्या है पूरा मामला.

Meerut SSP Avinash Pandey

Meerut SSP Avinash Pandey

Google CTA

खाकी की सख्त छवि, कंधों पर सितारे और पीछे मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों का घेरा... आमतौर पर पुलिस कप्तान यानी SSP का रुतबा कुछ ऐसा ही होता है. लेकिन मेरठ में एक ऐसा दिलचस्प नजारा देखने को मिला जिसे देखकर हर कोई मुस्कुरा उठा. हाथ में लाल गुलाब का फूल लिए मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय अचानक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के काफिले के पीछे दौड़ लगाते नजर आए. राज्यपाल निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल स्टेडियम का जायजा लेने पहुंची थीं. स्वागत की तैयारी धरी की धरी रह गई और वीआईपी काफिला आगे निकल गया. फिर क्या था...SSP अविनाश पांडेय भी प्रोटोकॉल और फूल की लाज बचाने के लिए दौड़ पड़े. अब इस मजेदार वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

जानिए आखिर क्यों दौड़ना पड़ा SSP साहब को

यह पूरा वाक्या उस वक्त का है जब उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेरठ के निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल स्टेडियम के निरीक्षण के लिए पहुंची थीं. हेल्थ सेंटर पर मेरठ के जिलाधिकारी और एसएसपी अविनाश पांडेय गुलदस्ता और गुलाब लेकर राज्यपाल के स्वागत के लिए मुस्तैदी से इंतजार कर रहे थे. अधिकारियों की योजना थी कि राज्यपाल वहां रुकेंगी. लेकिन राज्यपाल का काफिला बिना रुके सीधे आगे मीटिंग हॉल की तरफ बढ़ गया.

भागते-भागते पहुंचे मीटिंग हॉल

अब जब काफिला रुकने की बजाय आगे निकल गया तो एसएसपी अविनाश पांडेय ने भी बिना वक्त गंवाए हाथ में गुलाब थामे ही दौड़ लगा दी. वह काफिले के पीछे-पीछे मीटिंग हॉल की ओर भागे. वहां मौजूद किसी शख्स ने कप्तान की इस फुर्ती का वीडियो बना लिया जो अब इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

कौन हैं IPS अविनाश पांडेय?

काफिले के पीछे दौड़ लगाकर चर्चा में आए एसएसपी अविनाश पांडेय यूपी कैडर के एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी माने जाते हैं. मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले अविनाश पांडेय 2015 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं. पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक की डिग्री हासिल की है.

मेरठ का प्रभार संभालने से पहले वे गाजियाबाद में एसपी सिटी, इसके अलावा पीलीभीत और मऊ जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. कानून-व्यवस्था और बेहतरीन पुलिसिंग के लिए उन्हें डीजीपी प्रशंसा चिन्ह से भी नवाजा जा चुका है. उन्हें 2022 में सिल्वर मेडल और 2025 में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है.

 हाल ही में विवादों में भी आया था नाम

अपनी सख्त कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले आईपीएस अविनाश पांडेय हाल के दिनों में एक विवाद को लेकर भी खबरों में रहे थे. मेरठ में एक दलित छात्रा की हत्या के बाद हुए उग्र विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने रवि गौतम नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था. इस दौरान पुलिस वैन के भीतर थप्पड़ मारने का उनका एक वीडियो सामने आया था जिसके बाद यह मामला काफी गरमा गया था और वे चर्चा के केंद्र में आ गए थे.