पति को दर्दनाक मौत देने से पहले मेरठ की दामिनी ने Google पर सर्च किया था 'सबसे जहरीला स्नेक', फिर मंगवाया ये सांप 

उस्मान चौधरी

• 01:00 PM • 20 Jul 2026

मेरठ के अतुल हत्याकांड में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी दामिनी ने कथित तौर पर हत्या से पहले इंटरनेट पर जहरीले सांपों की जानकारी जुटाई और सपेरों के जरिए करैत सांप मंगवाया. आरोप है कि उसी सांप से डसवाकर अतुल की हत्या की गई.

Meerut Atul Snake Murder Case

Meerut Atul Snake Murder Case (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Meerut Atul Snake Murder Case: मेरठ के चर्चित अतुल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं. इस बीच पता चला है कि आरोपी पत्नी दामिनी ने पति की हत्या की साजिश रचने से पहले इंटरनेट पर कई बार सबसे जहरीले सांप के बारे में सर्च किया था. इसके बाद उसने कथित तौर पर सपेरों के जरिए वही सांप मंगवाया और उसे पति अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया. आरोप है कि सांप के कई बार डसने से अतुल की मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

'अतुल की गुजरी' टैटू बनवाने वाली दामिनी ने क्या कहा?

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दामिनी ने पति अतुल की हत्या के मामले में ज्यादा कुछ बोलने से इनकार किया. उसके हाथ पर अतुल के नाम का टैटू बना हुआ है, जिस पर 'अतुल की गुजरी' लिखा है. जब उससे पूछा गया कि क्या उसे अपने किए पर पछतावा है, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया. पुलिस पूछताछ में उसने इतना जरूर कहा कि अतुल ने उसकी जिंदगी को नर्क बना दिया था और वह उससे छुटकारा चाहती थी.

इंटरनेट पर जुटाई थी जानकारी

बताया जा रहा है कि दामिनी और अतुल करीब दो से तीन महीने पहले हस्तिनापुर में किराये के मकान में रहने आए थे, जहां दोनों एक स्कूल भी चला रहे थे. दोनों ने साल 2019 में लव मैरिज की थी. लेकिन समय के साथ उनके रिश्तों में खटास आ गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, तुषार का घर पर लगातार आना-जाना था. वह दिन में कई बार घर आता था और स्कूल आने-जाने के दौरान दामिनी को अपनी वैन से भी ले जाता था. इसी दौरान दोनों के बीच कथित तौर पर नजदीकियां बढ़ीं.

एक समय दोनों के बीच गहरा अफेयर था, लेकिन बाद में हालात इतने बदल गए कि दामिनी ने कथित तौर पर अतुल की हत्या की योजना बना ली. जांच में सामने आया है कि उसने पहले इंटरनेट पर सांपों की जानकारी जुटाई, उनकी तस्वीरें डाउनलोड कीं और फिर सपेरों के जरिए उसी तरह का सांप मंगाने की तैयारी की.

करैत सांप मंगाने के लिए एडवांस देने का भी दावा

जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, दामिनी काफी समय से अतुल से छुटकारा पाने की योजना बना रही थी. उसने इंटरनेट पर सबसे जहरीले सांपों के बारे में जानकारी जुटाई और करैत सांप की पहचान की. इसके बाद तुषार ने इंटरनेट से करैत सांप की तस्वीर डाउनलोड की और वही फोटो सोनू और उदय को दिखाते हुए कथित तौर पर ऐसा ही सांप लाने के लिए कहा. बताया जा रहा है कि इसके लिए 15 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे.

यह भी सामने आया है कि करीब सात दिन बाद सपेरा कहीं से करैत सांप लेकर आया. सांप मिलने के बाद कथित तौर पर पूरी योजना को अंजाम दिया गया. पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि सांप पकड़ने में एक अन्य सपेरे ने भी सोनू और उदय की मदद की थी. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.