मेरठ में पति अतुल पंवार को सांप से डंसवाने वाली पत्नी दामिनी रात 2:30 बजे आखिर कहां गई थी? एक-एक बात सामने आई

उस्मान चौधरी

• 10:44 AM • 19 Jul 2026

Meerut Snake Bite Murder: मेरठ के हस्तिनापुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की कथित साजिश रची. पुलिस के अनुसार, 20 लाख रुपये के बीमा के लालच में जहरीले सांप से डसवाकर हत्या की गई. मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए.

तस्वीर में अतुल और दामिनी

तस्वीर में अतुल और दामिनी

Google CTA

Meerut Snake Bite Murder: कभी नीले ड्रम में पति के टुकड़े तो कभी वॉशरूम के फर्श में दफन लाश जैसे मामलों से यूपी ही नहीं पूरे देश में सनसनी फैला देने वाला मेरठ जिला एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. इस बियर फिर से एक पत्नी पर अपने पति की हत्या का आरोप है. यहां हस्तिनापुर क्षेत्र में रहने वाली दामिनी नामक महिला ने बॉयफ्रेंड के लिए अपने पति अतुल पंवार को रस्ते से हटा दिया. दामिनी ने जिस तरीके से पति की हत्या कराई, वो चर्चा का विषय बन गई है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक कत्ल को अंजाम देने के लिए एक सांप को जरिया बनाया गया. ऐसा सिर्फ इसलिए ताकि मर्डर को हादसा साबित किया जा सके. इस मामले की कई परतें अब खुल रही हैं. इस बीच यह जानकारी सामने आई है कि वारदात वाली रात दामिनी रात में उठकर कहां गई थी?
20 लाख के बीमे की रकम के लिए रची गई साजिश

यह भी पढ़ें...

आपको बता दें कि मामला मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, मृतक अतुल के नाम 20 लाख रुपये का बीमा था. आरोप है कि इसी रकम को हासिल करने के लिए उसकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत प्रेमी ने दो लोगों के जरिए एक जहरीले सांप का इंतजाम कराया.

जांच में सामने आया कि सांप उपलब्ध कराने वाले दोनों लोगों को बीमा की रकम में से 5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, जबकि बाकी 15 लाख रुपये पत्नी और उसका प्रेमी अपने पास रखने वाले थे.

रात में दूसरे कमरे में चली गई पत्नी, सुबह मचाया शोर

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 2:30 बजे दामिनी अपने पति के पास से उठकर दूसरे कमरे में चली गई. सुबह जब अतुल नहीं उठा तो उसने शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस को ऐसे हुआ शक

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध लग रहा था. अधिकारियों के मुताबिक, सांप के काटने के बाद उसका उसी बिस्तर पर मौजूद रहना और घटना से पहले पत्नी का दूसरे कमरे में चले जाना कई सवाल खड़े कर रहा था. इन्हीं बिंदुओं के आधार पर पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू की.

पुलिस ने शक के आधार पर जब पत्नी दामिनी का टेक्निकल सर्विलांस किया और कॉल डिटेल्स खंगाली तो चौंकाने वाला सच सामने आया. दामिनी अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ लगातार संपर्क में थी. पुलिस ने जब तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कहानी की परतें खुलती चली गईं. आरोपी तुषार के मोबाइल की जांच करने पर एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली. कड़ाई से पूछताछ में तुषार ने कबूल किया कि उसने दो सपेरों सोनू और उदय से मिलकर यह सांप खरीदा था और सोची-समझी साजिश के तहत अतुल के बिस्तर में छुड़वाया था.

पुलिस जांच में सामने आया कि इस खौफनाक मर्डर के पीछे दो मुख्य वजहें थीं. दामिनी का अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. तुषार अपनी पत्नी से तलाक लेकर दामिनी के साथ शादी करना चाहता था. मृतक अतुल पवार के नाम 20 लाख रुपये का बीमा था. दामिनी और तुषार इस बीमा राशि को हड़प कर आगे की जिंदगी साथ बिताना चाहते थे. इस रकम में से ₹5 लाख रुपये सांप का इंतजाम करने वाले सपेरों को देने का सौदा हुआ था.
 

20 दिन पहले भी कार से टक्कर मारकर हत्या की हुई थी कोशिश

पूछताछ में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले भी अतुल को रास्ते से हटाने की कोशिश की थी. अभियुक्तों ने एक अर्टिगा कार से अतुल को जोरदार टक्कर मारी थी. लेकिन हेलमेट पहने होने की वजह से उस वक्त अतुल की जान बच गई थी. जब अतुल ने घर आकर दामिनी से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही तो दामिनी ने चालाकी से यह कहकर टाल दिया कि 'जब गाड़ी का नंबर ही नहीं पता, तो मुकदमा कराके क्या करेंगे.'

2019 में हुई थी लव मैरिज

पुलिस के अनुसार, दामिनी और अतुल की साल 2019 में लव मैरिज की थी. अब इसी मामले में पुलिस ने दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और सांप उपलब्ध कराने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.