Meerut Crime News: मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई निदा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतका की ननद रिमशा को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT
12 जुलाई को क्या हुआ था?
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में निदा की घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका की ननद रिमशा को आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया.
मृतका निदा और रिमशा के पति उवैश के बीच थे संबंध?
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतका निदा और रिमशा के पति उवैश के बीच कथित नजदीकियों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर रिमशा और निदा के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन रिमशा दोपहर करीब 12 बजे अपने मायके आई थी. इसी दौरान निदा से उसका विवाद हो गया. आरोप है कि झगड़े के दौरान रिमशा ने रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और निदा के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
रिमशा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है: पुलिस
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रिमशा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में केवल आरोपी की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इस घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
ADVERTISEMENT











