Meerut SSP Avinash Pandey Video: मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड के बाद प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और थप्पड़कांड को लेकर मचे बवाल के बीच SSP अविनाश पांडे का एक नया वीडियो सामने आया है. पुलिस के एक्शन पर लग रहे आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए एसएसपी ने कहा है कि पुलिस ने जो भी एक्शन लिया वह सिर्फ और सिर्फ कानून तोड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ था. इसके पुख्ता वीडियो साक्ष्य पुलिस के पास मौजूद हैं. पुलिस कप्तान ने विरोध करने वालों और समर्थन करने वालों दोनों से ही एक खास अपील की है जिसकी खूब चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT
जाति-पाति नहीं, हमारा संविधान 'हम भारत के लोग' से शुरू होता है'
सोशल मीडिया पर इस मामले को दलित बनाम पुलिस का रंग दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए एसएसपी अविनाश पांडे ने कहा 'मैं सभी से अपील करना चाहूंगा कि भारत का संविधान हम भारत के लोग' से शुरू होता है. वह किसी जाति-पाति या विशेष समुदाय की बात नहीं करता. मेरठ में जो भी एक्शन या कार्रवाई हुई है, वह केवल अपराधियों पर हुई है. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उस वक्त जो भी कदम उठाए गए, उसकी आवश्यकता और साक्ष्य हमारे पास पूरी तरह मौजूद हैं.'
एसएसपी ने आगे कहा कि जो लोग बाहर से आकर यहां अनावश्यक प्रकार की बातें कर रहे थे, उन सभी के विरुद्ध पुलिस के पास डिजिटल और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं. उन्होंने सख्त लहजे में कहा 'जो लोग मेरे खिलाफ व्यक्तिगत कमेंट कर रहे हैं, मैं उनकी काउंसलिंग करूंगा और उन्हें समझाने का प्रयास करूंगा. लेकिन जो लोग खाकी वर्दी की गरिमा को ठेस पहुंचाने या कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करेंगे उन्हें बिल्कुल भी क्षमा नहीं किया जाएगा. उन पर संविधान और विधि सम्मत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.'
विरोधियों और समर्थकों से पेड़ लगाने की अपील
अपने बयान के आखिर में एसएसपी ने एक अनोखी अपील की। उन्होंने कहा 'जो लोग मेरे सपोर्ट में हैं, वे आगामी वृक्षारोपण महोत्सव में अपने आसपास 1 पेड़ लगाएं और पॉलीथीन का इस्तेमाल न करें. जो लोग मेरे विरोध में हैं या मुझसे गुस्से में हैं, मैं उनसे भी अपील करूंगा कि वे 2 पेड़ लगाएं. अपने गुस्से को जाति विशेष की बात करने या अपराधियों का साथ देकर कानून व्यवस्था खराब करने में जाया न करें. अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल समाज को सुंदर और बेहतर बनाने में करें.'
सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों और आक्रोश को लेकर एसएसपी अविनाश पांडे ने साफ कहा कि जो लोग भी उन्हें या पुलिस प्रशासन को धमकी दे रहे हैं, वे सामने आएं. अगर उन्हें कोई बात समझनी है या कोई भ्रम है तो वे सीधे दफ्तर आकर हमसे बात समझ सकते हैं. हमारे पास घटना की एक-एक सेकंड के वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं जिन्हें दिखाकर उन्हें संतुष्ट किया जाएगा कि पुलिस ने कार्रवाई क्यों की. हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि हम आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित और अनुशासित समाज देकर जाएं.
ADVERTISEMENT











