दहेज के लिए मुस्कान को पिलाया तेजाब.., मेरठ में ससुराल वालों ने बुलेट व अंगूठी की मांग पूरी न होने पर बहू को दी दर्दनाक मौत, पति नासिर समेत 6 लोगों पर दर्ज हुई FIR

उस्मान चौधरी

• 02:33 PM • 03 Jul 2026

मेरठ में दहेज उत्पीड़न के मामले में विवाहिता मुस्कान की इलाज के दौरान मौत हो गई. बुलेट और सोने की अंगूठी की मांग पूरी न होने पर तेजाब पिलाने के आरोप में पति समेत 6 लोगों पर केस दर्ज हुआ.

Meerut Dowry Death Case

Meerut Dowry Death Case

Google CTA

Meerut Dowry Death Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है. थाना लोहियानगर क्षेत्र के फतलहपुर में रहने वाली विवाहिता मुस्कान की इलाज के दौरान मौत हो गई. मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने उसे टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिला दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

शादी के कुछ महीने बाद बढ़ने लगे विवाद

पुलिस के अनुसार, मुस्कान की शादी 19 फरवरी 2025 को मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के ग्राम अमर सिंहपुर निवासी रईस की बेटी के रूप में फतलहपुर निवासी नासिर से हुई थी. परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार शादी में खर्च किया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था. आरोप है कि शादी के बाद से ही पति नासिर और उसके परिवार के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी की मांग करते रहे. मांग पूरी न होने पर मुस्कान को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.

परिजनों ने लगाया तेजाब पिलाने का आरोप

मृतका के परिजनों के मुताबिक, 1 जुलाई की शाम उन्हें सूचना मिली कि मुस्कान को टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिला दिया गया है. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. गुरुवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि यह घटना दहेज की मांग पूरी न होने का परिणाम है.

पति समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

मुस्कान के पिता रईस की तहरीर पर पुलिस ने पति नासिर सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की मौत का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.