वियतनाम के होटल में सलोनी की बेल्ट से की पिटाई... मेरठ में 2 करोड़ की शादी के बाद आशीष पसरीचा ने पत्नी को दिया सिर्फ दर्द ही दर्द!

उस्मान चौधरी

• 11:55 AM • 03 Jul 2026

मेरठ के सलोनी अरोड़ा मामले में पति आशीष पसरीचा और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना व हत्या के प्रयास के आरोप लगे हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Saloni Arora Case

Saloni Arora Case (Photo: AI Generated)

Google CTA

Meerut Saloni Arora Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है. पीड़िता सलोनी अरोड़ा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू हो गया. उसने दावा किया कि पति उसे वियतनाम ले गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

शादी के एक महीने बाद बदल गया व्यवहार

रेलवे रोड थाना क्षेत्र की रहने वाली सलोनी ने अपनी शिकायत में बताया कि 4 जून 2025 को उसकी शादी शक्ति नगर निवासी आशीष पसरीचा से हुई थी. परिवार के अनुसार, इस शादी में करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. पीड़िता का आरोप है कि शादी के लगभग एक महीने बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया. उसे घर में नौकरानी की तरह रखा जाने लगा और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि जब उसके माता-पिता ने हस्तक्षेप किया तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया.

सलोनी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि 10 जून 2026 को मेरे पति मुझे मेरी इच्छा के विरुद्ध वियतनाम ले गए. वहां होटल के कमरे में बेल्ट से मेरी पिटाई की गई और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई. मेरी हालत बिगड़ने पर मुझे अकेला छोड़ दिया गया. पीड़िता का कहना है कि वियतनाम में प्राथमिक इलाज के बाद वह भारत लौटी, लेकिन तबीयत लगातार खराब रही. बाद में दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि गला दबाने की वजह से उसकी नसों पर गंभीर असर पड़ा है.

भारत लौटने के बाद भी नहीं रुका विवाद

शिकायत के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 21 जून 2026 को सलोनी अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची, जहां उसके साथ फिर गाली-गलौज और मारपीट की गई. इसके बाद 26 जून को पति ने दोबारा कथित रूप से जानलेवा हमला किया और गला दबाने का प्रयास किया. घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी और अपने मायके चली गई. उसका कहना है कि उसने पुलिस को कई बार लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद अब मामला दर्ज किया गया.

पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

सलोनी (सोनल) की शिकायत पर रेलवे रोड थाना पुलिस ने पति आशीष पसरीचा, ससुर सोमी पसरीचा, सास उषा, ससुर के मित्र शालू अग्रवाल (गुप्ता) और परिवार के एक अन्य अज्ञात सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है.