Kanpur Religious Conversion Case: कानपुर के पनकी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर 2 हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने और जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार इरशाद को पुलिस ने जेल भेज दिया है. जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक तीसरी हिंदू युवती के साथ बातचीत के सबूत भी मिले हैं. इसके बाद पुलिस को आशंका है कि यह मामला केवल दो युवतियों तक सीमित नहीं है और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका भी हो सकती है. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर 'विशाल' बनकर की दोस्ती
पुलिस के अनुसार, आगरा निवासी इरशाद पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर खुद को 'विशाल' बताकर दो हिंदू युवतियों से संपर्क किया और उन्हें प्रेमजाल में फंसाया. इसके बाद दोनों से शादी करने का आरोप भी है. जांच में सामने आया कि पहली युवती हरदोई की रहने वाली है, जबकि दूसरी युवती उन्नाव की निवासी है. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे गुरुवार को जेल भेज दिया और अब उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है.
पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
हरदोई की रहने वाली पहली पत्नी ने पुलिस को बताया कि इरशाद ने अपनी असली पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की थी. बाद में दोनों ने शादी कर ली. उसने दावा किया कि कोर्ट की प्रक्रिया के दौरान आरोपी की वास्तविक पहचान सामने आई, लेकिन घर से भागकर शादी करने की वजह से उसने उस समय विरोध नहीं किया. महिला का आरोप है कि शादी के बाद इरशाद उस पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने लगा. उसने मारपीट की और बच्चे का खतना कराने के लिए भी दबाव बनाया. बाद में जब आरोपी दूसरी हिंदू युवती को पत्नी बनाकर घर लाया तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दूसरी युवती के परिजन उसे अपने साथ वापस ले गए.
मोबाइल चैट से तीसरी युवती का सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर उसकी चैट की जांच की. इसी दौरान एक तीसरी हिंदू युवती के साथ बातचीत के सबूत मिलने का दावा किया गया. अब पुलिस उस युवती की पहचान और उससे जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश करता हो.
पुलिस कई पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पहली पत्नी का बयान दर्ज कराया जाएगा. इसके बाद जांच टीम उन्नाव जाकर दूसरी युवती और उसके परिजनों से भी पूछताछ करेगी. साथ ही आरोपी के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों की भी विस्तार से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता मिलती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
(आज तक के इनपुट से)
ADVERTISEMENT











