उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सरकारी आवास में पति-पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों के साथ रह रही करीब डेढ़ से दो साल की बच्ची भी घायल अवस्था में मिली है. महिला के गले पर साड़ी या दुपट्टे से कसने के निशान पाए गए हैं. जबकि पति के चेहरे पर चोट के निशान हैं. घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती तौर पर मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
रात के समय हुई थी पति-पत्नी की मौत: पुलिस
घटना कन्नोज गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की है. यहां पुराने सीएचसी के आवास में करीब 32 वर्षीय संजीव कुमार अपनी पत्नी शिखा और दो साल की बेटी के साथ रहते थे. 5 नवंबर की सुबह कमरे में संजीव और शिखा के शव मिले, जबकि बच्ची घायल हालत में पड़ी थी. सूचना मिलने पर एसपी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फील्ड टीम को भी बुलाया गया. एसपी के मुताबिक, पति-पत्नी की मौत रात में किसी समय हुई है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है.
जांच के बाद मामले साफ होगा- पुलिस
इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने के बावजूद घटना को अंजाम कैसे दिया गया. एसपी ने बताया कि आवास में दो तरफ दरवाजे हैं. इनमें से एक पर ताला लगा था, जबकि दूसरे की कुंडी अंदर से बंद थी. फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति के घर में आने या बाहर जाने का रास्ता स्पष्ट नहीं हो पाया है. घायल बच्ची इतनी छोटी है कि वह घटना के बारे में कुछ बता नहीं सकती. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
ADVERTISEMENT











