धनतेरस-दीपावली पर नोएडा में इन रास्तों पर तो नो एंट्री, 8 नवंबर तक के लिए बदला ट्रैफिक रूट

भूपेंद्र चौधरी

• 04:50 PM • 05 Nov 2026

धनतेरस और दीपावली पर नोएडा के अट्टा मार्केट जाने का प्लान है तो रास्ते में बदलाव के लिए तैयार रहें. ट्रैफिक पुलिस ने 5 से 8 नवंबर तक डायवर्जन लागू किया है. किन रास्तों पर मिलेगी रोक और कहां से जाना होगा?

UPTak
Google CTA

नोएडा में धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी करने निकल रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें. बाजारों और शॉपिंग मॉल में भीड़ को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 5 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 

यह भी पढ़ें...

इस दौरान सेक्टर-18 के अट्टा मार्केट और आसपास के इलाकों में जरूरत के हिसाब से वाहनों का रास्ता बदला जाएगा. दादरी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी.

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के दौरान बाजारों और मॉल में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं. इससे मुख्य सड़कों पर गाड़ियों का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बनती है. लोगों को इस परेशानी से बचाने के लिए कुछ रास्तों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई है.

कब है धनतेरस और कब मनाई जाएगी दीपावली?

  • धनतेरस: 6 नवंबर 2026, शुक्रवार
  • छोटी दीपावली: 7 नवंबर 2026, शनिवार
  • दीपावली और लक्ष्मी पूजा: 8 नवंबर 2026, रविवार
  • गोवर्धन पूजा: 10 नवंबर 2026, मंगलवार
  • भाई दूज: 11 नवंबर 2026, बुधवार

नोएडा ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी 5 से 8 नवंबर तक लागू रहेगी. धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजारों के आसपास जाने वाले लोगों को बदले हुए ट्रैफिक रूट का ध्यान रखना होगा.

अट्टा मार्केट जाने वालों के लिए बदला रास्ता

सेक्टर-18 का अट्टा मार्केट त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है. यहां भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस दो प्रमुख रास्तों पर वाहनों का डायवर्जन करेगी.

1. अट्टापीर चौक से अट्टा चौक जाने वाले वाहन

इस रास्ते से अट्टा चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को अट्टापीर चौक से बाएं मुड़ना होगा. इसके बाद राय रेजिडेंसी चौक से दाएं मुड़कर कैम्ब्रिज स्कूल के सामने से एलिवेटेड रोड के नीचे यू-टर्न लेना होगा. यहां से वाहन सेक्टर-28 कार मार्केट होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

2. अट्टा चौक से अट्टापीर जाने वाले वाहन

अट्टा चौक से अट्टापीर की तरफ जाने वाले वाहनों को अट्टा चौक से बाएं मुड़ना होगा. इसके बाद जीआईपी मॉल के सामने से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर डीएलएफ या सेंटर स्टेज मॉल की तरफ बाएं मुड़ना होगा. यहां से वाहन अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन जाने वालों को भी ध्यान रखना होगा

सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन की तरफ जाने वाले लोगों को भी रास्ते में बदलाव मिल सकता है. फिल्म सिटी फ्लाईओवर और सेक्टर-18 गुरुद्वारे की ओर से मेट्रो स्टेशन जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर-18 अंडरपास से होकर अपने गंतव्य तक जाएगा, इसलिए मेट्रो स्टेशन या आसपास के इलाकों में जाने वाले लोग पहले से बदले हुए रास्ते की जानकारी रख लें.

दादरी में कहां रहेगी रोक?

दादरी कस्बे में लुहारली टोल से एनटीपीसी तिराहे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. यह रोक पहले से लागू नो-एंट्री के आदेश के तहत जारी रहेगी.

जरूरत पड़ने पर रेलवे रोड से आने वाले वाहनों को रेलवे फ्लाईओवर से पहले बाईपास तिराहे की तरफ मोड़ा जाएगा. यहां से वाहन एनटीपीसी तिराहे होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी रोक

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पहले से लागू नो-एंट्री आदेश के मुताबिक प्रतिबंधित रहेगी.

कहां पार्क करें अपनी गाड़ी?

त्योहारों पर बाजार जाने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग को लेकर भी जरूरी सलाह दी है. पुलिस ने कहा है कि खरीदारी करने आने वाले लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी न करें. बाजारों और शॉपिंग मॉल में बनी तय पार्किंग में ही वाहन पार्क करें.

सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने से दूसरे वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और जाम लग सकता है. पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है.

ट्रैफिक की परेशानी हो तो इन नंबरों पर करें फोन

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने किसी भी तरह की ट्रैफिक समस्या होने पर लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
ट्रैफिक हेल्पलाइन: 9971009001
व्हाट्सऐप नंबर: 7065100100