अलीगढ़ में 27 साल के दरोगा सुंदरम तिवारी ने दी जान, 5 दिन पहले वीडियो वायरल होने पर हुए थे सस्पेंड

अकरम खान

05 Nov 2026 (अपडेटेड: 05 Nov 2026, 12:35 PM)

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 वर्षीय निलंबित सब इंस्पेक्टर सुंदरम तिवारी का शव उनके किराये के मकान में फंदे से लटका मिला. बुधवार सुबह बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.

UPTak

घटनास्थन पर पुलिस

Google CTA

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक निलंबित सब इंस्पेक्टर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. 27 वर्षीय दरोगा सुंदरम तिवारी का शव बुधवार सुबह बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर स्थित उनके किराये के मकान में मिला. 

यह भी पढ़ें...

पांच दिन पहले ही कचहरी परिसर में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में वह कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे थे. इसके बाद पुलिस विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया था.

सुंदरम तिवारी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल होने और निलंबन के बाद से वह मानसिक तनाव में थे. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजहों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पिता मंदिर से लौटे तो कमरे में मिला बेटे का शव

सुंदरम तिवारी के पिता श्रीचंद तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह वह मंदिर गए हुए थे. जब वापस लौटे तो बेटे का कमरा अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सुंदरम कमरे में फंदे से लटके मिले. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जरूरी कार्रवाई शुरू की. पिता के मुताबिक, कचहरी परिसर का वीडियो वायरल होने और विभाग की ओर से निलंबित किए जाने के बाद से सुंदरम तनाव में थे.

2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे सुंदरम तिवारी

सुंदरम तिवारी 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे. उनकी उम्र 27 साल थी. मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले थे और अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात थे.

मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी

दरोगा की मौत की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन, एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ द्वितीय धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.

शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की ओर से आत्महत्या के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

ये भी पढ़ें- पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल तक मौर्य-कुशवाहा-शाक्य-सैनी समाज का कितना प्रभाव? 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समझिए पूरा समीकरण