उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में 14 नवंबर को खुशियां मनाई जाएंगी. उनके पौत्र और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. उनकी होने वाली पत्नी का नाम मेघना चौधरी है.
ADVERTISEMENT
संदीप और मेघना एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं. दिल्ली के एक ही स्कूल में पढ़ाई के दौरान दोनों की पहचान हुई थी. अब बचपन की जान-पहचान शादी के रिश्ते में बदलने जा रही है.
मेघना चौधरी मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के तारापुर गांव की रहने वाली हैं. हालांकि, उनका परिवार फिलहाल गाजियाबाद में रहता है. उनके दादा राधेश्याम चौधरी नौसेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी के कारोबार से जुड़े हैं.
दिल्ली के स्कूल में हुई थी संदीप और मेघना की मुलाकात
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहचान दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की. 12वीं तक शिक्षा पूरी करने के बाद संदीप सिंह ने डीपीएस छोड़ दिया, जबकि मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी. वह कानून की पढ़ाई के लिए विदेश भी गईं.
दोनों परिवारों के बीच साल 2024 में शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई थी. परिवारों की सहमति के बाद रिश्ता तय हुआ. अब 14 नवंबर को दोनों विवाह के बंधन में बंधेंगे.
14 नवंबर को अलीगढ़ में होगी सगाई
संदीप सिंह की सगाई का कार्यक्रम 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी क्षेत्र में संत फिदेलिस स्कूल के पास स्थित मैदान में रखा गया है. इस समारोह में उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई भी होगी. सौरभ का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है. एक ही दिन परिवार के दोनों बेटों की सगाई की रस्में पूरी होंगी.
मेघना का परिवार भले ही फिलहाल गाजियाबाद में रहता हो, लेकिन अलीगढ़ के तारापुर गांव से भी उनके परिवार का जुड़ाव है. उनके दादा राधेश्याम चौधरी गांव में रहते हैं. परिवार के दूसरे सदस्य भी समारोह में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं.
संदीप सिंह का राजनीतिक परिवार से है नाता
संदीप सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं. उनके पिता राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया एटा से सांसद रह चुके हैं. संदीप सिंह अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं. 2017 में पहली बार विधायक बने थे और 2022 में लगातार दूसरी बार इस सीट से चुनाव जीता. योगी सरकार में उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिली है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, संदीप सिंह का जन्म 24 जून 1991 को अलीगढ़ में हुआ था. पोस्ट ग्रेजुएट हैं और अतरौली से विधायक हैं.
अतरौली सीट का कल्याण सिंह परिवार से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है. कल्याण सिंह खुद भी इस क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए थे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. उनके राजनीतिक परिवार की अगली पीढ़ी में संदीप सिंह भी सक्रिय राजनीति में हैं.
ये भी पढ़ें- अलीगढ़ में 27 साल के दरोगा सुंदरम तिवारी ने दी जान, 5 दिन पहले वीडियो वायरल होने पर हुए थे सस्पेंड
ADVERTISEMENT











