Raebareli Weather 3rd July 2026: बारिश के 24 घंटे बाद ही बढ़ी उमस, रायबरेली में तीखी धूप और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल

Newzo

• 11:19 AM • 03 Jul 2026

Raebareli Weather News: रायबरेली में गुरुवार की बारिश से मिली राहत केवल 24 घंटे ही टिक सकी. शुक्रवार को तेज धूप और बढ़ी उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया. बाजारों में भीड़ कम रही. कई इलाकों में जलभराव से आवागमन प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने अगले दिनों में उमस बने रहने की आशंका जताई.

बारिश के 24 घंटे बाद ही बढ़ी उमस, रायबरेली में तीखी धूप और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल

बारिश के 24 घंटे बाद ही बढ़ी उमस, रायबरेली में तीखी धूप और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल

Google CTA

Raebareli News: जनपदवासियों को गुरुवार शाम हुई झमाझम बारिश से मिली राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी. चौबीस घंटे के भीतर ही मौसम ने एक बार फिर करवट बदली और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण शुक्रवार को दिनभर लोग उमस से बेहाल नजर आए. सुबह से ही निकली तेज धूप ने गर्मी के तेवर तल्ख कर दिए, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. उमस का असर बाजारों पर भी देखने को मिला, जहां आम दिनों की तुलना में चहल-पहल काफी कम रही। लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द से जल्द घरों की ओर लौटते दिखे.

यह भी पढ़ें...

राहत के बाद फिर आफत बनी गर्मी

इससे पूर्व, गुरुवार की शाम को अचानक बदले मौसम और झमाझम बरसात से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली थी. ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी और मौसम सुहावना हो गया था. लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे और बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी इस मानसूनी फुहार से खिल उठे थे. धान की रोपाई और अन्य फसलों के लिए इस बारिश को संजीवनी माना जा रहा था.

जलभराव ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें

एक तरफ जहां बारिश ने मौसम बदला, वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका के दावों की पोल भी खोल कर रख दी. बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने और जगह-जगह कीचड़ फैलने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा.

चिपचिपी गर्मी से थमी रफ्तार

शुक्रवार को स्थिति और बदतर हो गई. बारिश के पानी के वाष्पीकरण और तेज धूप के कॉम्बिनेशन ने जिले को 'गैस चैंबर' जैसा बना दिया. उमस और चिपचिपी गर्मी के कारण खेतों में काम करने वाले किसानों, बाजारों में आए खरीदारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों का पसीने से बुरा हाल रहा. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में यदि दोबारा अच्छी बारिश नहीं हुई, तो उमस का यह दौर लोगों को और परेशान कर सकता है.