Raebareli Weather Today: रायबरेली में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, उमस से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे

Raebareli Weather News: रायबरेली में गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई. हालांकि कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. स्कूल और दफ्तर जाने वालों की रफ्तार थम गई. वहीं किसानों ने बारिश का स्वागत किया. धान की रोपाई और सिंचाई में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

रायबरेली में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, उमस से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे

रायबरेली में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, उमस से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे

Newzo

• 09:24 AM • 02 Jul 2026

follow google news

Raebareli News: जनपद में गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर सुबह-सुबह काम पर निकलने वालों के लिए यह आफत बन कर बरसी. सुबह करीब 7:15 बजे अचानक शुरू हुई तेज बारिश आधे घंटे तक अनवरत जारी रही. इस अल्पकालिक लेकिन तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. 

यह भी पढ़ें...

मौसम विभाग ने पहले ही जिले में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों के भीतर जिले में मानसून पूरी तरह से दस्तक दे सकता है, जिससे आने वाले दिनों में और तेज बारिश होने की संभावना है. 

दफ्तर और स्कूल जाने वाले हुए बेहाल, थमी रफ्तार

सुबह ठीक उसी समय बारिश शुरू हुई जब बच्चों के स्कूल और नौकरीपेशा लोगों के दफ्तर जाने का वक्त था. अचानक आई तेज बौछारों के कारण लोग जहां-तहां छिपने को मजबूर हो गए. सड़कों पर जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार पर पूरी तरह से ब्रेक लग गया। कई मुख्य मार्गों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली, जिससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी. 

जलभराव ने खोली दावों की पोल

मात्र आधे घंटे की बारिश ने नगर पालिका के ड्रेनेज सिस्टम और सफाई के दावों की हवा निकाल दी. शहर के प्रमुख चौराहों और रिहायशी इलाकों की सड़कों पर पानी जमा हो गया। राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा. स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर मानसून के आने से पहले नालों की मुकम्मल सफाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल हो सकती है. 

किसानों के लिए अमृत बनी वर्षा

जहां शहरी इलाकों में लोग जलभराव से परेशान दिखे, वहीं ग्रामीण अंचलों और किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे. किसानों ने इस बारिश का दिल खोलकर स्वागत किया है. अन्नदाताओं का कहना है कि यह समय धान की रोपाई का है, और ऐसे वक्त में हुई यह वर्षा खेतों के लिए किसी अमृत से कम नहीं है. इससे न सिर्फ रोपाई के काम में तेजी आएगी, बल्कि डीजल फूंककर खेतों की सिंचाई करने के खर्च से भी बड़ी राहत मिलेगी.