Raebareli News: रायबरेली जिला अस्पताल में विक्षिप्त को लातों से पीटती दिखी महिला कर्मी, अब हुआ एक्शन

Raebareli Viral Video: रायबरेली जिला अस्पताल में अर्धविक्षिप्त व्यक्ति से अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल. महिला सफाईकर्मी लात मारते और अभद्रता करते दिखी. मामला सामने आते ही अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारी को तत्काल ड्यूटी से हटाया. घटना के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई और मानवाधिकारों की रक्षा की मांग तेज हो गई.

रायबरेली जिला अस्पताल में विक्षिप्त को लातों से पीटती दिखी महिला कर्मी, अब हुआ एक्शन

रायबरेली जिला अस्पताल में विक्षिप्त को लातों से पीटती दिखी महिला कर्मी, अब हुआ एक्शन

Newzo

• 12:35 PM • 30 Jun 2026

follow google news

Raebareli News: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच रायबरेली जिला अस्पताल से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद संवेदनहीन मामला सामने आया है. अस्पताल परिसर की इमरजेंसी में तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी का अमानवीय चेहरा कैमरे में कैद हुआ है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला कर्मचारी फर्श पर बैठे एक असहाय और अर्धविक्षिप्त व्यक्ति को बेरहमी से लातों से मारती और गाली-गलौज करती नजर आ रही है.

यह भी पढ़ें...

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फर्श पर अपनी सुध-बुध खोया एक विक्षिप्त व्यक्ति बैठा हुआ है. अस्पताल की सफेद वर्दी पहने महिला सफाईकर्मी उस पर पूरी तरह से संवेदनहीन होकर ताबड़तोड़ लात बरसा रही है. इतना ही नहीं, वह व्यक्ति के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे वहां से हटने के लिए कह रही है. इस दौरान वहां से कई लोग और सुरक्षाकर्मी भी गुजरे, लेकिन किसी ने भी उस बेबस व्यक्ति को बचाने या महिला कर्मचारी को रोकने का प्रयास नहीं किया. वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इसे सीधे तौर पर मानवाधिकारों का उल्लंघन माना जा रहा है.

संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप

मामला जैसे ही उच्च अधिकारियों तक पहुंचा अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कड़ा एक्शन लिया है. मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है. अस्पताल परिसर में इस तरह का अमानवीय और हिंसक व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उक्त महिला सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है.

सख्त कानूनी कदम उठाने की माँग

अस्पताल प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन बुद्धिजीवियों का मानना है कि केवल हटा देना ही काफी नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम भी उठाए जाने चाहिए ताकि पीड़ित को पूर्ण न्याय मिल सके.